Society Accident Case: अरिहंत अंबर सोसाइटी में प्लास्टर गिरने से युवक की मौत, मेंटेनेंस प्रबंधक गिरफ्तार

Society Accident Case: अरिहंत अंबर सोसाइटी में प्लास्टर गिरने से युवक की मौत, मेंटेनेंस प्रबंधक गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की अरिहंत अंबर सोसाइटी में प्लास्टर गिरने से युवक की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मेंटेनेंस प्रबंधक दीपक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ लापरवाही से मृत्यु होने की धारा में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद सोसाइटी के निवासियों में डर और नाराजगी का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार अरिहंत अंबर सोसाइटी में रहने वाले 45 वर्षीय विकास चावला एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। उनके परिवार में पत्नी, बच्चे और माता-पिता हैं। बताया गया कि विकास डी टावर से बाइक पर सवार होकर बाजार जा रहे थे, तभी टावर की ऊपरी मंजिल से प्लास्टर का बड़ा हिस्सा अचानक उनके ऊपर गिर गया।

प्लास्टर गिरने के कारण विकास की बाइक अनियंत्रित होकर दीवार से टकरा गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोग उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद सोसाइटी के लोगों ने बिल्डर और प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए।

निवासियों का कहना है कि सोसाइटी में जर्जर प्लास्टर और भवन की खराब स्थिति को लेकर कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। लोगों ने बताया कि इससे पहले भी ग्रेनो वेस्ट की कई सोसाइटियों में प्लास्टर गिरने की घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें लोग घायल हुए थे।

विकास चावला के भाई की शिकायत पर बिसरख कोतवाली में सोसाइटी प्रबंधन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने मेंटेनेंस प्रभारी दीपक को गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अन्य संबंधित लोगों से भी पूछताछ कर रही है।

सोसाइटी के निवासियों ने दावा किया कि वर्ष 2023 से ही निर्माण गुणवत्ता और संरचनात्मक कमजोरियों को लेकर हाईकोर्ट और रेरा में मामले लंबित हैं। एक महीने पहले जिलाधिकारी को भी भवन की सुरक्षा को लेकर शिकायत भेजी गई थी।

स्थानीय लोगों ने मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता और परिवार के किसी सदस्य को नौकरी देने की मांग की है। सोसाइटी के लोगों ने स्वैच्छिक सहयोग अभियान भी शुरू किया है ताकि परिवार की आर्थिक मदद की जा सके।

 

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img