उत्तर प्रदेशराज्य

Yamuna Expressway: यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती लग्जरी कार बनी आग का गोला, चार लोगों ने कूदकर बचाई जान

Yamuna Expressway: यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती लग्जरी कार बनी आग का गोला, चार लोगों ने कूदकर बचाई जान

नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे पर गुरुवार शाम एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब चलती हुई एक लग्जरी कार में अचानक आग लग गई। कार में सवार चार लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। हालांकि कुछ ही मिनटों में कार पूरी तरह आग की चपेट में आ गई और जलकर खाक हो गई। घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। पुलिस के अनुसार दिल्ली के रोहिणी निवासी अनिल अपने तीन दोस्तों के साथ गुरुग्राम से मथुरा-वृंदावन दर्शन के लिए जा रहे थे। गुरुवार शाम उनकी लग्जरी कार यमुना एक्सप्रेसवे पर जीरो प्वाइंट से लगभग पांच किलोमीटर आगे पहुंची ही थी कि वाहन के बोनट से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया। स्थिति को भांपते हुए चालक अनिल ने तुरंत कार को सड़क किनारे रोक दिया। कार रुकते ही चारों लोग तेजी से बाहर निकल आए। इसी दौरान वाहन से निकल रहा धुआं तेजी से बढ़ गया और देखते ही देखते कार में भीषण आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार आग का गोला बन गई और दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देने लगा। घटना की सूचना तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही सेक्टर ईकोटेक-1 थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। आग बुझाने के बाद वाहन केवल ढांचे के रूप में बचा था। हादसे के कारण यमुना एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को नियंत्रित किया और प्रभावित लेन को जल्द ही सामान्य कराया, जिससे आवागमन दोबारा सुचारु हो सका। सेक्टर ईकोटेक-1 कोतवाली प्रभारी अरविंद वर्मा ने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। सभी चारों यात्री सुरक्षित हैं। प्रारंभिक जांच में वाहन में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि तकनीकी जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस और अग्निशमन विभाग मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि गर्मी के मौसम में वाहन चालकों को अपने वाहनों की नियमित सर्विसिंग करानी चाहिए और किसी भी प्रकार की तकनीकी खराबी दिखाई देने पर तुरंत उसकी जांच करानी चाहिए, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।

 

Related Articles

Back to top button