राज्यउत्तर प्रदेश

Noida Power Cut: नोएडा में बिजली संकट गहराया, कई सेक्टरों में तीन घंटे तक कटौती से गर्मी में लोग परेशान

Noida Power Cut: नोएडा में बिजली संकट गहराया, कई सेक्टरों में तीन घंटे तक कटौती से गर्मी में लोग परेशान

नोएडा। शहर में लगातार बढ़ रही गर्मी के बीच बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। बुधवार को नोएडा के 15 से अधिक सेक्टरों में लोगों को 30 मिनट से लेकर करीब तीन घंटे तक बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। बिजली फीडरों और लाइनों में ट्रिपिंग, लोकल फॉल्ट और पुराने बिजली ढांचे की वजह से बार-बार सप्लाई बाधित होती रही। भीषण गर्मी और उमस के बीच लोग दिनभर परेशान रहे। कई इलाकों में लोगों ने आरोप लगाया कि शिकायत करने के बावजूद विभाग की ओर से समय पर सुनवाई नहीं की जा रही।

सेक्टर-15 में लोकल फॉल्ट के कारण लंबे समय तक बिजली बाधित रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि कंट्रोल रूम में शिकायत दर्ज कराने के बाद ही समस्या का समाधान हो सका। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष सुमेर सिंह रावत ने बताया कि जैसे-जैसे गर्मी बढ़ रही है, वैसे-वैसे बिजली कटौती की समस्या भी गंभीर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि सेक्टर में बिजली लाइनों में लगातार ट्रिपिंग हो रही है, जिससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।

सेक्टर-22 में भी दिनभर कई बार बिजली गुल होने से लोग परेशान रहे। यहां रहने वाले मदन शर्मा ने बताया कि दिन में तीन से चार बार बिजली गई और हर बार 20 मिनट से लेकर एक घंटे तक सप्लाई बाधित रही। उन्होंने आरोप लगाया कि टोल फ्री नंबर 1912 पर शिकायत करने के बावजूद कोई त्वरित कार्रवाई नहीं हुई।

सेक्टर-122 निवासी भंवर सिंह भाटी ने बताया कि भीषण गर्मी में बिजली कटौती से लोगों का सामान्य जीवन प्रभावित हो गया है। बिजली न होने से घरों में पानी की समस्या, बच्चों की पढ़ाई और अन्य जरूरी काम प्रभावित हुए। सेक्टर-49 बरौला गांव के निवासी अनिल चौधरी ने भी लगातार हो रही कटौती को लेकर नाराजगी जताई।

शहर के अलावा औद्योगिक क्षेत्रों में भी बिजली बाधित होने से उद्यमियों को नुकसान झेलना पड़ा। उद्योगों में उत्पादन कार्य प्रभावित हुआ, जिससे लागत बढ़ने की समस्या सामने आई। सेक्टर-11, 12, 19, 20, 22, 27, 31, 34, 36, 37, 40, 44, 49, 50, 51, 53, 55, 56, 59, 66, 71 और सेक्टर-104 समेत कई इलाकों में लोगों को बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। वहीं दादरी, जेवर, रबूपुरा और शहाबेरी जैसे देहात क्षेत्रों में भी लोग गर्मी और बिजली संकट से परेशान रहे।

बिजली विभाग के अनुसार कटौती की मुख्य वजह पुराना बिजली ढांचा, फीडरों और उपकेंद्रों की समय पर मरम्मत न होना, लाइनों पर बढ़ता लोड और कंडेक्टर लाइन बदलने का अधूरा काम है। विभाग का कहना है कि पुराने सिस्टम पर बढ़ते दबाव के कारण ट्रिपिंग और फॉल्ट की घटनाएं बढ़ रही हैं।

इधर मौसम विभाग ने अगले एक-दो दिनों में बारिश और आंधी की संभावना जताई है। ऐसे में बिजली लाइनों और फीडरों पर ट्रिपिंग बढ़ने से सप्लाई और अधिक प्रभावित होने की आशंका है। बीते दिनों आई आंधी और बारिश में भी लोगों को घंटों बिजली कटौती झेलनी पड़ी थी।

बिजली विभाग ने दावा किया है कि अंडरग्राउंड केबल में फॉल्ट खोजने के लिए दो फॉल्ट लोकेटर मशीनें लगाई गई हैं। साथ ही दो मोबाइल वैनों के जरिए लोकल फॉल्ट को ठीक किया जा रहा है। विभाग के सभी एई और जेई अपने-अपने क्षेत्रों में बिजली लाइनों और फीडरों की निगरानी कर रहे हैं।

उपभोक्ता बिजली संबंधी शिकायत टोल फ्री नंबर 1912 के अलावा जिला स्तर पर 0120-2970431, 0120-2970605 और 9193301659 पर दर्ज करा सकते हैं। विभाग के अनुसार शुक्रवार को कंट्रोल रूम में करीब 10 शिकायतें बिजली कटौती से संबंधित दर्ज हुईं।

वहीं अधीक्षण अभियंता तकनीकी विवेक कुमार पटेल ने कहा कि पुरानी लाइनों में लगातार फॉल्ट आ रहे हैं, जिसकी वजह से बिजली कटौती की समस्या बढ़ रही है। उन्होंने दावा किया कि शिकायत मिलते ही विभाग की टीम तुरंत समाधान करने में जुट जाती है।

Related Articles

Back to top button