Noida Crime News: मारपीट मामले में गवाह बने अधिवक्ता को मिली जान से मारने की धमकी, व्हाट्सऐप ऑडियो से मचा हड़कंप

Noida Crime News: मारपीट मामले में गवाह बने अधिवक्ता को मिली जान से मारने की धमकी, व्हाट्सऐप ऑडियो से मचा हड़कंप
Noida के सेक्टर-63 थाना क्षेत्र स्थित छिजारसी कॉलोनी में तीन वर्ष पुराने मारपीट के मामले में गवाह बने एक अधिवक्ता को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। व्हाट्सऐप पर अज्ञात नंबर से भेजे गए धमकी भरे ऑडियो के बाद पीड़ित और उसके परिवार में भय का माहौल है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित अधिवक्ता आशीष शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पेशे से वकील हैं और छिजारसी कॉलोनी में रहते हैं। उन्होंने बताया कि 30 अप्रैल की रात करीब 8:30 बजे उनके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सऐप कॉल आई थी। नंबर पहचान में न आने के कारण उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की और उसे डिस्कनेक्ट कर दिया। कुछ देर बाद उसी नंबर से उनके व्हाट्सऐप पर एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भेजी गई।
जब उन्होंने रिकॉर्डिंग सुनी तो उसमें गाली-गलौज के साथ उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई थी। धमकी भरे संदेश के बाद अधिवक्ता और उनके परिवार में दहशत का माहौल बन गया। पीड़ित का कहना है कि उन्हें आशंका है कि धमकी देने वाला व्यक्ति उनके साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकता है।
आशीष शर्मा ने पुलिस को बताया कि यह मामला वर्ष 2023 में दर्ज हुए एक मारपीट के मुकदमे से जुड़ा हुआ है। थाना सेक्टर-63 में 21 सितंबर 2023 को छिजारसी निवासी निशांत शर्मा द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि 20 सितंबर 2023 की रात उसके भाई आशीष शर्मा के साथ मारपीट की गई थी। जब परिवार ने विरोध किया तो उनके पिता राजू शर्मा के साथ भी मारपीट की गई। उस मामले में पुलिस ने सौरभ, शिवम मेरठिया और करीब 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
पीड़ित अधिवक्ता का कहना है कि वह इस मामले में गवाह हैं और हाल ही में 7 मई को अदालत में उनकी गवाही भी हुई थी। गवाही के कुछ दिनों बाद ही उन्हें धमकी भरा ऑडियो भेजा गया, जिससे उन्हें संदेह है कि यह धमकी मुकदमे से जुड़ी हो सकती है। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और व्हाट्सऐप नंबर की जांच की जा रही है। पुलिस धमकी भरे ऑडियो की तकनीकी जांच कराने के साथ-साथ आरोपी की पहचान करने में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी तक पहुंचकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





