Noida: लखनऊ में प्राधिकरण के कामकाज की होगी समीक्षा, 20 बिंदुओं पर मंत्री नंदी करेंगे बैठक

Noida: लखनऊ में प्राधिकरण के कामकाज की होगी समीक्षा, 20 बिंदुओं पर मंत्री नंदी करेंगे बैठक
Lucknow में मंगलवार को औद्योगिक विकास मंत्री Nand Gopal Gupta Nandi प्राधिकरण के कामकाज की समीक्षा करेंगे। यह बैठक करीब 20 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर केंद्रित होगी। बैठक को लेकर सोमवार को Noida Authority के अधिकारियों ने दिनभर तैयारियां और आंतरिक बैठकें कीं।
जानकारी के अनुसार समीक्षा बैठक मंगलवार दोपहर तीन बजे आयोजित होगी। इसमें प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश, एसीईओ वंदना त्रिपाठी और सतीश पाल, वित्त नियंत्रक समेत कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।
अधिकारियों के मुताबिक बैठक में उत्तर प्रदेश इंवेस्टर समिट और प्रस्तावित ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी से जुड़ी परियोजनाओं की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा पिछले दो वर्षों में किए गए आवंटन, 100 करोड़ रुपये से अधिक के बकायेदारों की विभागवार स्थिति, सिविल और बिजली विभाग की परियोजनाएं, वित्तीय प्रगति, सीएजी ऑडिट, नियोजन विभाग द्वारा पास किए गए नक्शे, आईजीआरएस मामलों की स्थिति और विभिन्न न्यायालयों में लंबित मामलों की भी समीक्षा होगी।
बैठक से पहले सोमवार को एसीईओ स्तर पर और बाद में सीईओ स्तर पर विभागाध्यक्षों के साथ अलग-अलग बैठकें की गईं। इन बैठकों में परियोजनाओं की प्रगति, लंबित मामलों और प्रस्तावित भूमि योजनाओं के लिए लैंड बैंक की स्थिति पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने विभागवार रिपोर्ट और आंकड़ों को अंतिम रूप दिया।
गौरतलब है कि यह समीक्षा बैठक पहले अप्रैल महीने में Noida में प्रस्तावित थी, लेकिन किसी कारणवश मंत्री का दौरा नहीं हो सका। इसके बाद अब बैठक लखनऊ में आयोजित की जा रही है।
वहीं, कुछ लोगों ने सुझाव दिया कि ईंधन बचत और सरकारी खर्च कम करने के लिए इस तरह की बैठक ऑनलाइन भी आयोजित की जा सकती थी। उनका कहना है कि बड़ी संख्या में अधिकारियों के लखनऊ जाने से सरकारी खर्च और ईंधन दोनों की खपत बढ़ेगी।




