Uttar Pradesh : हापुड़ में प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या, पुरानी रंजिश और लेनदेन का विवाद

Hapur News : यूपी के हापुड़ जिले की पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के गांव गालंबद निवासी प्रॉपर्टी डीलर अतुल की पुरानी रंजिश और पैसे के लेनदेन को लेकर गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। अतुल पूर्व प्रधान के पुत्र थे और स्थानीय स्तर पर प्रॉपर्टी कारोबार से जुड़े हुए थे।
जानकारी के अनुसार सोमवार रात अतुल गाजियाबाद के भोजपुर इलाके में आयोजित एक शादी समारोह से लौट रहा था। शादी में गांव के ही एक व्यक्ति के साथ उसकी तीखी बहस हो गई थी। जैसे ही वह रिलायंस रोड पर पहुंचा, अज्ञात हमलावरों ने उस पर गोली चला दी। गंभीर रूप से घायल अतुल को स्थानीय लोगों ने तुरंत गाजियाबाद के सर्वोदय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस और परिजनों ने बताया कि अतुल की मौत की सूचना मिलते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया। परिवार में शोक की लहर दौड़ गई और लोग रो-रोकर बेहाल हो गए। परिजनों का आरोप है कि यह हत्या पुरानी दुश्मनी और प्रॉपर्टी से जुड़े लेनदेन के विवाद का नतीजा है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि जिस व्यक्ति से शादी समारोह में अतुल की कहासुनी हुई थी, वह पहले दुष्कर्म और हत्या जैसे गंभीर मामलों में जेल जा चुका है। लंबे समय से प्रॉपर्टी और पैसे के लेनदेन को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस ने प्रारंभिक पूछताछ में इस बात की पुष्टि की है कि हत्या प्लान के तहत की गई।

घटना की सूचना मिलते ही हापुड़ के अपर पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह, एएसपी विनीत भटनागर, सीओ अनीता चौहान और थाना प्रभारी सहित पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने खुद घटनास्थल का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम को साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए।
एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पैसे के लेनदेन और पुरानी रंजिश को हत्या का मुख्य कारण पाया गया है। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मुख्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश के लिए गाजियाबाद सहित आसपास के इलाकों में टीम भेज दी गई है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस पूरे मामले को विभिन्न एंगल से जांच रही है। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और गवाहों के बयानों के आधार पर छानबीन तेज कर दी गई है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से खून के निशान, खाली कारतूस और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं।





