Noida Electricity Theft Case: 21 परिसरों में बिजली चोरी पकड़ी गई, सेक्टर-63 थाने में केस दर्ज

Noida Electricity Theft Case: 21 परिसरों में बिजली चोरी पकड़ी गई, सेक्टर-63 थाने में केस दर्ज
नोएडा में विद्युत निगम के प्रवर्तन दल ने बड़े पैमाने पर बिजली चोरी के खिलाफ अभियान चलाते हुए 21 परिसरों में अनियमितता पकड़ी है। जांच के दौरान कुल 52 किलोवाट की बिजली चोरी का मामला सामने आया, जिसके बाद सभी आरोपियों के खिलाफ सेक्टर-63 बिजली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
विद्युत निगम के अधीशासी अभियंता रेड अमित त्रिपाठी ने बताया कि जिले में जहां लाइन लॉस अधिक है, वहां लगातार विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दो अलग-अलग टीमों ने रबुपुरा और आसपास के इलाकों में छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की।
पहली टीम ने रबुपुरा क्षेत्र के बनकापुर बिजली उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले कानपुर गांव में जांच अभियान चलाया। इस टीम में प्रवर्तन दल प्रभारी सरिता रानी, अवर अभियंता सुशील कुमार, पुष्पराज और राम आसरे शामिल थे। जांच के दौरान यहां 12 परिसरों में बिजली चोरी पकड़ी गई। इन मामलों में राहुल, सतपाल, गंगा शरण, विपिन, सतीश, प्रेमपाल, दिनेश, यशपाल, कन्हैया, शीलू, रिशिपाल और समीर के खिलाफ कार्रवाई की गई।
वहीं दूसरी टीम ने सहायक अभियंता रेड अजीत कुमार के नेतृत्व में विजिलेंस और विभागीय टीम के साथ संयुक्त अभियान चलाया। इसमें अवर अभियंता पवन कुमार, सचिन कुमार और प्रवर्तन दल प्रभारी दीपक कसाना शामिल रहे। टीम ने बिश्नौली क्षेत्र से जुड़े श्री जी विला, वायु एन्क्लेव और सहारा सिटी में जांच की, जहां नौ परिसरों में बिजली चोरी का मामला सामने आया।
इस कार्रवाई में सीमा, शिवम सोनी, प्रियंका मिश्रा, गिरीश चंद्र, रेखा, वर्षा कुमारी, सीमा राय, रीता और नरेंद्र के खिलाफ बिजली चोरी का केस दर्ज कराया गया है।
विद्युत निगम के अधिकारियों ने कहा है कि आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे वैध कनेक्शन लेकर ही बिजली का उपयोग करें, क्योंकि बिजली चोरी एक दंडनीय अपराध है और इसमें कानूनी कार्रवाई तय है।





