उत्तर प्रदेशराज्य

Noida: दोस्त पर मारपीट का आरोप निकला गलत, सड़क हादसे में घायल हुआ था युवक

Noida: दोस्त पर मारपीट का आरोप निकला गलत, सड़क हादसे में घायल हुआ था युवक

ग्रेटर नोएडा के कासना कोतवाली क्षेत्र में दोस्त पर मारपीट का लगाया गया आरोप पुलिस जांच में झूठा साबित हुआ है। शुरुआती शिकायत में युवक पर अपने दोस्त को बेरहमी से पीटने का आरोप लगाया गया था, लेकिन पुलिस की गहन जांच में सामने आया कि घायल युवक सड़क हादसे का शिकार हुआ था। फिलहाल घायल युवक का दिल्ली के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।

कासना कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र कुमार शुक्ला ने बताया कि लड़पुरा गांव निवासी शिवकुमार बुधवार सुबह एक युवक आकाश को लेकर थाने पहुंचे थे। उन्होंने पुलिस को बताया कि आकाश ने उनके साले नीरज के साथ मारपीट की है, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। नीरज को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे दिल्ली रेफर कर दिया गया।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल, आसपास के लोगों और दोनों युवकों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई।

पुलिस जांच में सामने आया कि आकाश और नीरज दोनों अच्छे दोस्त हैं और एक ही फैक्टरी में नौकरी करते हैं। बुधवार को दोनों किसी काम से बुलंदशहर गए थे। वापस लौटते समय सिकंदराबाद क्षेत्र में उनकी बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी।

इस हादसे में नीरज गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि आकाश को मामूली चोटें आईं। पुलिस के मुताबिक, हादसे के समय आकाश नशे की हालत में था और उसे दुर्घटना की स्पष्ट जानकारी नहीं थी।

जांच के दौरान पुलिस ने दुर्घटनास्थल से क्षतिग्रस्त बाइक भी बरामद कर ली। आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ में भी सड़क हादसे की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने स्पष्ट किया कि मारपीट की कहानी गलत थी और मामला सड़क दुर्घटना का है।

पुलिस ने हिरासत में लिए गए युवक आकाश को नोटिस देकर छोड़ दिया है। वहीं अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है, जिसने बाइक को टक्कर मारी थी।

Related Articles

Back to top button