उत्तर प्रदेशराज्य

Noida Airport Flight : 15 जून से लखनऊ के लिए पहली उड़ान, नोएडा एयरपोर्ट से शुरू हुई IndiGo टिकट बुकिंग

Noida Airport Flight : 15 जून से लखनऊ के लिए पहली उड़ान, नोएडा एयरपोर्ट से शुरू हुई IndiGo टिकट बुकिंग

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से हवाई सेवाओं की शुरुआत का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। गुरुवार दोपहर से IndiGo Airlines ने नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (जेवर एयरपोर्ट) से उड़ानों के लिए टिकट बुकिंग शुरू कर दी है। एयरपोर्ट से पहली व्यावसायिक उड़ान 15 जून 2026 को संचालित होगी, जो लखनऊ से नोएडा पहुंचेगी और फिर यहां से बेंगलूरू के लिए रवाना होगी।

जानकारी के अनुसार, पहली फ्लाइट सुबह 7:05 बजे लखनऊ से उड़ान भरकर 8:05 बजे नोएडा एयरपोर्ट पहुंचेगी। इसके बाद यही विमान सुबह 8:35 बजे नोएडा से बेंगलूरू के लिए रवाना होगा और 11:05 बजे वहां पहुंचेगा। शाम को बेंगलूरू से वापस आने वाली फ्लाइट 3:45 बजे उड़ान भरकर 6:20 बजे नोएडा पहुंचेगी और फिर 6:55 बजे लखनऊ के लिए रवाना होगी।

नोएडा एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए शुरुआती किराया करीब 4981 रुपये बताया जा रहा है, जबकि नवी मुंबई रूट के लिए किराया लगभग 12,709 रुपये रखा गया है। टिकट बुकिंग ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर शुरू होते ही यात्रियों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट एनसीआर का तीसरा प्रमुख एयरपोर्ट बनने जा रहा है और इंडिगो यहां से व्यावसायिक उड़ानें शुरू करने वाली पहली एयरलाइन होगी। एयरपोर्ट संचालन को लेकर तैयारियां तेजी से चल रही हैं। एयरपोर्ट पर सॉफ्ट ट्रायल भी शुरू कर दिए गए हैं, जिसमें यात्रियों की सुविधाओं, सुरक्षा और संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जांच की जा रही है।

यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (YIAPL) की ओर से आधिकारिक घोषणा के बाद अब एयरपोर्ट पर काम कर रहे वेंडर्स और स्टाफ के एंट्री पास भी जारी किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य 15 जून से पहले एयरपोर्ट को पूरी तरह कमर्शियल ऑपरेशन के लिए तैयार करना है।

शुरुआती चरण में एयरलाइंस कंपनियों ने यहां से 17 उड़ानें शुरू करने का प्रस्ताव दिया है। आने वाले समय में मुंबई, हैदराबाद, अमृतसर, जयपुर और अन्य शहरों के लिए भी सीधी उड़ानें शुरू की जाएंगी।

गौरतलब है कि 28 मार्च 2026 को प्रधानमंत्री Narendra Modi ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था। एयरपोर्ट का पहला चरण 1334 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित किया गया है, जिसमें 3900 मीटर लंबा रनवे, यात्री टर्मिनल, एटीसी टॉवर और कार्गो हब शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button