Delhi Encroachment Action: नए मेयर-डिप्टी मेयर के बाद MCD सख्त, आनंद विहार में औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप
रिपोर्ट: रवि डालमिया
दिल्ली में नए मेयर और डिप्टी मेयर के पदभार संभालने के बाद नगर निगम की कार्यप्रणाली में तेजी साफ तौर पर देखने को मिल रही है। इसी कड़ी में यमुना पार क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही ट्रैफिक अव्यवस्था और अतिक्रमण की समस्या पर अब सख्त कार्रवाई शुरू कर दी गई है। गुरुवार को आनंद विहार बस अड्डा और रेलवे स्टेशन के बाहर मुख्य मार्ग पर दिल्ली नगर निगम की टीम ने औचक निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया।
इस निरीक्षण में नव नियुक्त डिप्टी मेयर मोनिका पंत खुद मौके पर मौजूद रहीं। उन्होंने क्षेत्र में पैदल चलने वालों के लिए बने फुटपाथों, ट्रैफिक जाम और अवैध अतिक्रमण की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों को तुरंत आवश्यक निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य दिल्ली को साफ-सुथरा और अतिक्रमण मुक्त बनाना है।
मीडिया से बातचीत में डिप्टी मेयर ने कहा कि उन्हें जो नई जिम्मेदारी मिली है, उसे वह पूरी गंभीरता से निभाएंगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित दिल्ली के लक्ष्य को हासिल करने के लिए दिल्ली सरकार, नगर निगम और केंद्र सरकार मिलकर एक टीम के रूप में काम कर रहे हैं और इस दिशा में तेजी से कदम उठाए जा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान शाहदरा नॉर्थ ज़ोन की अतिरिक्त प्रभार संभाल रहीं डिप्टी कमिश्नर ममता यादव भी मौजूद रहीं। टीम ने आनंद विहार इलाके में खासतौर पर फुटपाथों पर कब्जा, अवैध रेहड़ी-पटरी, ट्रैफिक जाम और सार्वजनिक सुविधाओं की स्थिति का गहराई से निरीक्षण किया।
डिप्टी मेयर ने इस बात पर भी चिंता जताई कि कई बार निरीक्षण से पहले ही अतिक्रमण हट जाता है, जिससे वास्तविक स्थिति सामने नहीं आ पाती। उन्होंने इसे गंभीर मामला बताते हुए कहा कि यह जांच कराई जाएगी कि निरीक्षण की सूचना पहले कैसे लीक हो जाती है और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान आनंद विहार स्थित एक सार्वजनिक शौचालय का भी निरीक्षण किया गया। वहां सफाई व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए गए और महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शौचालय पर गेट लगाने के आदेश जारी किए गए। साथ ही रेट लिस्ट को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि आम जनता को किसी तरह की परेशानी न हो।
नगर निगम की इस सख्त कार्रवाई के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि आनंद विहार समेत पूरे यमुना पार क्षेत्र में अतिक्रमण और ट्रैफिक अव्यवस्था पर जल्द ही काबू पाया जा सकेगा। प्रशासन की यह सक्रियता आने वाले समय में दिल्ली के शहरी ढांचे को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
Delhi Murder Case: प्रीत विहार में पार्किंग विवाद बना खूनी झगड़ा, फायरिंग में युवक की मौत


