Uttar Pradesh : हापुड़ में दूसरी शादी के मंडप में पहुंची पहली पत्नी, जमकर हुआ हंगामा

Hapur News : जनपद हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित आवास विकास इलाके के एक होटल में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब दूल्हे की पहली पत्नी अपनी चार साल की बेटी को गोद में लेकर शादी समारोह में पहुंच गई। शहनाई की धुन के बीच चल रही दूसरी शादी की तैयारियां अचानक रुक गईं और महिला ने खुलेआम विवाह पर आपत्ति जताते हुए कहा कि अभी तक उसका तलाक पूरा नहीं हुआ है और कोर्ट के आदेश के अनुसार मिलने वाली पूरी रकम भी नहीं दी गई है।

महिला की बात सुनकर समारोह में मौजूद लोग हैरान रह गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। बढ़ते विवाद को देखते हुए दोनों पक्षों को कोतवाली ले जाया गया, जहां घंटों चली बातचीत के बाद मामला सुलझा।

जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चमरी निवासी युवक की शादी वर्ष 2020 में दिल्ली के बुराड़ी की युवती से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। वर्ष 2022 में महिला ने पति और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज कराया था। मामले में न्यायालय ने युवक को पीड़िता को कुल 42 लाख रुपये देने का आदेश दिया था, जिसमें से 28 लाख रुपये पहले ही दिए जा चुके थे, जबकि 14 लाख रुपये बकाया थे और तलाक की प्रक्रिया भी पूरी तरह से समाप्त नहीं हुई थी।

इसी बीच युवक ने मेरठ जनपद के गांव पांची की एक युवती से दूसरी शादी तय कर ली थी। सोमवार को जब वह होटल में दूसरी शादी कर रहा था, तभी पहली पत्नी अपने परिजनों के साथ वहां पहुंच गई और हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ और युवक ने बकाया 14 लाख रुपये महिला को दे दिए।

रुपये मिलने के बाद महिला का गुस्सा शांत हुआ और पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर छोड़ दिया। इसके बाद दूल्हा वापस होटल पहुंचा और देर रात उसकी दूसरी शादी संपन्न हो गई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय ने बताया कि दोनों पक्षों में आपसी सहमति से समझौता हो गया है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img