उत्तर प्रदेशराज्य

Noida Workers Protest Update: हालात सामान्य, कामगार लौटे काम पर, वेतन बढ़ोतरी के बाद कामकाज शुरू

Noida Workers Protest Update: हालात सामान्य, कामगार लौटे काम पर, वेतन बढ़ोतरी के बाद कामकाज शुरू

नोएडा के औद्योगिक क्षेत्रों में वेतन वृद्धि को लेकर हुए श्रमिकों के प्रदर्शन के बाद अब स्थिति धीरे-धीरे सामान्य होती नजर आ रही है। खासतौर पर इकोटेक-3 औद्योगिक क्षेत्र, जहां पिछले कुछ दिनों तक कामकाज पूरी तरह ठप हो गया था, अब वहां फैक्ट्रियों में दोबारा गतिविधियां शुरू हो गई हैं और अधिकांश कामगार अपने काम पर लौट आए हैं।

प्रदर्शन के दौरान श्रमिकों ने वेतन बढ़ाने और महंगाई के अनुरूप सुविधाएं देने की मांग उठाई थी। हालात बिगड़ने के बाद कई कंपनियों को अपने स्तर पर कदम उठाने पड़े। हालांकि कई कामगारों का कहना है कि उन्हें अब तक कोई औपचारिक लिखित आश्वासन नहीं मिला है, लेकिन फैक्ट्री गेट के बाहर बढ़े हुए वेतन का नोटिस चस्पा किए जाने के बाद वे काम पर लौटने को तैयार हुए हैं।

गारमेंट्स एक्सपोर्ट कंपनी में काम करने वाले श्रमिक गिरीश ने बताया कि प्रदर्शन के बाद कंपनी ने वेतन बढ़ाने की घोषणा की, लेकिन यह अभी तक लिखित समझौते के रूप में नहीं दिया गया है। इसके बावजूद उन्होंने काम शुरू कर दिया है ताकि रोजमर्रा की आय प्रभावित न हो।

वहीं एक अन्य कामगार मनोज सिंह राना ने कहा कि उनकी प्रमुख मांगें पूरी कर दी गई हैं, जिसके चलते उन्होंने काम पर लौटने का फैसला लिया। उनका मानना है कि फिलहाल स्थिति पहले से बेहतर है और उत्पादन भी धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है।

प्रदर्शन के दौरान घायल हुए आकाश यादव का कहना है कि वेतन में अभी और बढ़ोतरी की जरूरत है, क्योंकि मौजूदा महंगाई के हिसाब से मजदूरी पर्याप्त नहीं है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में इस पर और सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे।

कामगार राज ने बताया कि हाल के दिनों में गैस की कालाबाजारी और बढ़ती महंगाई ने मजदूर वर्ग की मुश्किलें बढ़ा दी थीं, जिसके कारण उन्हें प्रदर्शन के लिए मजबूर होना पड़ा। उनका कहना है कि अगर समय रहते समस्याओं का समाधान हो जाता, तो स्थिति इतनी गंभीर नहीं होती।

फिलहाल प्रशासन और उद्योग प्रबंधन की ओर से हालात पर नजर रखी जा रही है। कामगारों के लौटने से औद्योगिक उत्पादन पटरी पर लौट रहा है, लेकिन भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए स्थायी समाधान की जरूरत महसूस की जा रही है।

मलाइका अरोड़ा ने अर्जुन कपूर के साथ ब्रेकअप की खबरों के बीच अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर एक रहस्यमयी पोस्ट शेयर की, कहा ‘हममें से हर किसी के पास सिर्फ़…’

Related Articles

Back to top button