Welcome Murder Case: दिल्ली के वेलकम इलाके में पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार
रिपोर्ट: रवि डालमिया
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां जनता मजदूर कॉलोनी की इंद्रा गली में एक पति ने अपनी ही पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल फैल गया है। मृतका की पहचान हीना के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति दीपक, जिसकी उम्र करीब 27 वर्ष बताई जा रही है, को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। जानकारी के मुताबिक यह घटना देर रात करीब 2:30 बजे की है, जब पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। यह कहासुनी इतनी बढ़ गई कि आरोपी ने गुस्से में आकर पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी।
बताया जा रहा है कि दोनों ने करीब तीन साल पहले लव मैरिज की थी और साथ रह रहे थे। हैरानी की बात यह है कि मृतका का मायका घटनास्थल से महज दो घर की दूरी पर ही स्थित है, जिससे घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूत्रों के अनुसार, आरोपी दीपक सीलमपुर इलाके में पूड़ी-सब्जी का काम करता था। वारदात को अंजाम देने के बाद वह खुद थाने पहुंच गया और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने तुरंत उसे हिरासत में ले लिया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना से जुड़े सभी पहलुओं को स्पष्ट किया जा सके। इस वारदात ने एक बार फिर घरेलू विवादों के खतरनाक रूप को उजागर किया है। घटना के बाद इलाके के लोग सहमे हुए हैं और माहौल पूरी तरह से तनावपूर्ण बना हुआ है।


