हिमाचल प्रदेश

Himachal Health: हिमाचल में स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ावा, मेडिकल कॉलेजों में बढ़ेंगी पीजी सीटें

Himachal Health: हिमाचल में स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ावा, मेडिकल कॉलेजों में बढ़ेंगी पीजी सीटें

शिमला: Sukhvinder Singh Sukhu ने स्वास्थ्य शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश के सभी चिकित्सा महाविद्यालयों में मरीजों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश के लोगों को अपने ही राज्य में उच्च स्तरीय इलाज की सुविधा देना है, जिसके लिए लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि प्रदेश के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों में पीजी सीटों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि की जा रही है। Dr. Rajendra Prasad Government Medical College में 57, Lal Bahadur Shastri Government Medical College में 29, Dr. Yashwant Singh Parmar Government Medical College में 32, Pandit Jawaharlal Nehru Government Medical College में 33, Dr. Radhakrishnan Government Medical College में 67 और Indira Gandhi Medical College में 96 पीजी सीटें बढ़ाई जा रही हैं। इन सीटों में वृद्धि से न केवल मेडिकल शिक्षा को मजबूती मिलेगी, बल्कि अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता भी बढ़ेगी, जिससे मरीजों को बेहतर इलाज मिल सकेगा।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने नए मेडिकल कॉलेजों में प्रोफेसरों और टांडा मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की कमी को देखते हुए उनकी सेवानिवृत्ति आयु को अगले तीन वर्षों के लिए 65 वर्ष तक बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस निर्णय से प्रमोशन प्रक्रिया प्रभावित नहीं होगी। साथ ही, असिस्टेंट और एसोसिएट प्रोफेसरों की कमी को दूर करने के लिए सरकार उन्हें पदनाम देकर सेवाओं को मजबूत कर रही है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए करीब 3000 करोड़ रुपये खर्च कर रही है। इसके तहत आधुनिक मशीनें, उपकरण और डायग्नोसिस सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके अलावा नवंबर तक सभी मेडिकल कॉलेजों में नर्सों और तकनीकी स्टाफ के खाली पदों को भरने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र में सुधार राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। आने वाले समय में प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक सुधार देखने को मिलेगा और हेल्थ टूरिज्म को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि Pandit Jawaharlal Nehru Government Medical College के दूसरे चरण का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा, जिस पर 192 करोड़ रुपये खर्च होंगे। वहीं Dr. Yashwant Singh Parmar Government Medical College के निर्माण के लिए 500 करोड़ रुपये की राशि प्रदान की जाएगी।

बैठक में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. धनी राम शांडिल, स्वास्थ्य सचिव एम. सुधा देवी, निदेशक स्वास्थ्य शिक्षा डॉ. राकेश शर्मा सहित सभी मेडिकल कॉलेजों के प्रधानाचार्य वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।

Related Articles

Back to top button