दिल्ली

Delhi: भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस आयुक्त से की शिकायत, खड़गे के बयान पर FIR की मांग

Delhi: भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस आयुक्त से की शिकायत, खड़गे के बयान पर FIR की मांग

रिपोर्ट: रवि डालमिया

राजधानी दिल्ली में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है, जहां दिल्ली भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा से मुलाकात कर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान को लेकर औपचारिक शिकायत पत्र सौंपा है।

प्रतिनिधिमंडल का आरोप है कि असम में चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भारतीय जनता पार्टी की तुलना सांप से की और ऐसा बयान दिया, जिससे राजनीतिक माहौल में तनाव पैदा हो सकता है। भाजपा नेताओं ने इसे आपत्तिजनक और भड़काऊ बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।

प्रतिनिधिमंडल में केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, सांसद मनोज तिवारी, रामवीर सिंह बिधूड़ी और कमलजीत सहरावत सहित अधिवक्ता संकेत गुप्ता और मीडिया विभाग प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर शामिल थे। इन सभी नेताओं ने पुलिस आयुक्त को सौंपे गए शिकायत पत्र में कहा कि इस तरह के बयान से न केवल राजनीतिक माहौल प्रभावित होता है, बल्कि समाज में भी गलत संदेश जा सकता है।

भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष के बयान में धार्मिक संदर्भों का उल्लेख करते हुए एक विशेष समुदाय को प्रभावित करने की कोशिश की गई है, जिससे सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका है। उन्होंने यह भी कहा कि यह आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है और इस पर तत्काल एफआईआर दर्ज की जानी चाहिए।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कांग्रेस का मुख्यालय दिल्ली में स्थित है, इसलिए दिल्ली पुलिस को इस मामले में संज्ञान लेकर उचित कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए।

इस पर पुलिस आयुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि मामले की जांच की जाएगी और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल यह मामला राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है और दोनों पक्षों के बीच बयानबाजी तेज होने की संभावना है।

Seemapuri Murder: नाबालिग पर चाकू से हमला, आरोपी आग में झुलसा, दोनों की मौत से दहली दिल्ली

Related Articles

Back to top button