उत्तर प्रदेश : बुलंदशहर में दिनदहाड़े दो अलग-अलग क्षेत्र में दो युवकों की हत्या से हड़कंप

Bulandshar News (अवनीश त्यागी) : बुलंदशहर में सोमवार को अलग-अलग क्षेत्रों में दो युवकों की हत्या हुईं । नगर के कोतवाली देहात क्षेत्र में दिनदहाड़े एक बाइक सवार युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना गांव भाईपुरा से हजरतपुर रोड पर हुई। बदमाशों ने युवक को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। घटनास्थल का पुलिस अधिकारियों ने निरीक्षण किया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक के सिर और पेट में दो गोली लगी हैं। मृतक की पहचान मौहल्ला रुक्कन सराय के शाहरुख (32) वर्ष पुत्र साबिर के रूप में हुई है। शाहरुख नगर के धमेडा अड्डा पर क्लिनिक संचालित करता था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर थाना खानपुर क्षेत्र के गांव पाली परतापुर में रुपयों के लेन-देन के विवाद में एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक के एक साथी पर भी चाकू से हमला किया गया, जिसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने बताया कि गांव परतापुर निवासी दीपक पुत्र राजू (28 वर्ष) सोमवार सुबह कस्बा खानपुर में सामान लेने गए था । समान लेकर भतीजी के साथ स्कूटी पर सवार होकर गांव लौट रहे दीपक की रास्ते में बाइक सवार अन्य युवक से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया । उक्त युवक ने दीपक पर चाकू से हमला कर उनकी हत्या कर दी। तनाव की स्थिति को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने बताया कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफतार कर लिया जाएगा।





