
Faridabad: फरीदाबाद में डिलीवरी के बाद महिला की मौत, परिजनों ने लगाया गलत इंजेक्शन का आरोप
रिपोर्ट: संदीप चौहान
हरियाणा के फरीदाबाद से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां बल्लभगढ़ स्थित मिनी खेतरपाल अस्पताल में डिलीवरी के बाद एक 31 वर्षीय महिला की मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं, जिससे पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल बन गया है।
जानकारी के अनुसार, महिला को प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसने एक बेटी को जन्म दिया। परिजनों का आरोप है कि डिलीवरी के बाद अस्पताल के डॉक्टर ने महिला को गलत इंजेक्शन लगा दिया। आरोप है कि इंजेक्शन लगते ही महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसके मुंह से झाग आने लगे। कुछ ही देर में उसकी हालत बेहद गंभीर हो गई और तड़प-तड़प कर उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। मौके पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जिसके बाद सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शव को कब्जे में लेकर मेडिकल बोर्ड के जरिए पोस्टमार्टम कराया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा और उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इस घटना ने अस्पतालों में मरीजों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं और प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं।





