उत्तर प्रदेश : हापुड़ में कॉलेज प्रवक्ता का संदिग्ध हालात में शव मिलने से सनसनी

Hapur News : हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र में मेरठ रोड स्थित श्री शांति स्वरूप कृषि इंटर कॉलेज में उस समय हड़कंप मच गया, जब कृषि विज्ञान के प्रवक्ता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कॉलेज परिसर के अंदर मिला। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और कॉलेज स्टाफ भी स्तब्ध रह गया।

मृतक की पहचान रविंद्र चौधरी के रूप में हुई है, जो घटायन उत्तरी गांव के निवासी थे और पिछले करीब दस वर्षों से कॉलेज में कृषि विज्ञान के प्रवक्ता के पद पर कार्यरत थे। इन दिनों उनकी ड्यूटी यूपी बोर्ड की 12वीं कक्षा की कॉपियों के मूल्यांकन कार्य में लगी हुई थी, जिसके चलते वह कॉलेज परिसर में स्थित प्रयोगशाला में ही रह रहे थे।

बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम करीब साढ़े चार बजे वह मूल्यांकन केंद्र से कॉपियां जमा कर वापस कॉलेज लौटे थे, लेकिन शुक्रवार सुबह निर्धारित समय पर मूल्यांकन कार्य के लिए नहीं पहुंचे। इससे कॉलेज के एक कर्मचारी को संदेह हुआ। जब वह उन्हें बुलाने के लिए प्रयोगशाला के पास पहुंचा और कई बार आवाज लगाई, तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।

काफी देर तक कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर कर्मचारी ने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो प्रवक्ता जमीन पर पड़े मिले। यह दृश्य देखकर वह घबरा गया और तुरंत इसकी सूचना कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रभु दयाल जयंत को दी। सूचना मिलते ही प्रधानाचार्य और अन्य स्टाफ मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया। जांच के दौरान वहां एक कुकर में बने चावल, मेज पर रखे बिस्कुट और कुछ दवाएं बरामद हुईं, जिससे मामला और अधिक संदिग्ध हो गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

घटना की सूचना मिलते ही मृतक का पुत्र प्रभात अपने परिजनों के साथ मौके पर पहुंचा। पिता का शव देखकर वह बिलख पड़ा, जिससे वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय ने बताया कि पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img