उत्तर प्रदेश : मथुरा के बरसाना में आस्था का सैलाब, श्रीजी लाडली लाल मंदिर में बरसे लड्डू, झूम उठे भक्त

Mathura News : ब्रज की विश्व प्रसिद्ध होली का उल्लास अपने चरम पर पहुंच गया है। “सब जग होरी, जा ब्रज होरा” की कहावत को साकार करते हुए मंगलवार को बरसाना स्थित श्रीजी लाडली लाल मंदिर में भव्य लड्डू होली का आयोजन हुआ। बसंत पंचमी से प्रारंभ हुए 40 दिवसीय होली महोत्सव के अंतर्गत आयोजित इस विशेष उत्सव में देश-विदेश से आए लाखों श्रद्धालुओं ने राधा रानी के प्रसाद स्वरूप लड्डुओं की वर्षा का आनंद लिया और पूरा मंदिर परिसर भक्ति एवं उल्लास से सराबोर हो गया।

उत्सव की शुरुआत द्वापर युगीन परंपरा के निर्वहन के साथ हुई। बरसाना की सखियां गुलाल लेकर नंद बाबा मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने नंदगांव के ग्वालों को बरसाना आकर होली खेलने का फाग निमंत्रण दिया। नंदगांव के गोस्वामी समाज ने इस निमंत्रण को सहर्ष स्वीकार किया। इसके बाद बधाई गायन और पारंपरिक रसिया गूंजने लगे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
शाम ढलते ही लाडली जी मंदिर का प्रांगण अबीर-गुलाल से रंग गया। गोस्वामी समाज द्वारा समाज गायन और राधा-कृष्ण लीला का भावपूर्ण चित्रण किया गया। इसी बीच मंदिर के सेवायतों ने जैसे ही प्रसाद रूपी लड्डुओं की बौछार शुरू की, श्रद्धालुओं में उन्हें पाने की होड़ मच गई। हर कोई इस दिव्य प्रसाद को प्राप्त करने के लिए उत्साहित दिखाई दिया। सखी रूप धारण किए भक्त, किन्नर समाज और दूर-दराज से आए श्रद्धालु ठाकुर जी की भक्ति में झूमते नजर आए।
लड्डू होली के भव्य आयोजन के बाद अब सबकी निगाहें बुधवार को होने वाली विश्व प्रसिद्ध लठमार होली पर टिकी हैं। मान्यता है कि इस अद्भुत दृश्य को देखने के लिए देवता भी स्वर्ग से धरती पर उतर आते हैं। इस अवसर पर नंदगांव के ग्वाले ढालों से बचाव करते हैं और बरसाना की गोपियां प्रेम स्वरूप लाठियां बरसाती हैं। भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं ताकि श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में इस अलौकिक उत्सव का आनंद ले सकें।




