Noida Construction Accident: नोएडा सेक्टर-113 सर्फाबाद में शटरिंग गिरने से मजदूर की मौत

Noida Construction Accident: नोएडा सेक्टर-113 सर्फाबाद में शटरिंग गिरने से मजदूर की मौत
रिपोर्ट: अमर सैनी
गौतमबुद्धनगर के नोएडा सेक्टर-113 क्षेत्र के सर्फाबाद में निर्माणाधीन मकान पर बड़ा हादसा हो गया, जब देर रात अचानक शटरिंग गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना ने निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतक की पहचान 28 वर्षीय मोहित पाल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से हरदोई जिले के ग्राम धर्मपुर का निवासी था और फिलहाल पर्थला में रह रहा था। हादसे के बाद उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। वहीं उसके साथी मजदूर जीतू, जो राजस्थान के धौलपुर जिले के गंगुलियापुरा, राजाखेड़ा का रहने वाला है, गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना डायल-112 पर दी गई, जिसके बाद थाना सेक्टर-113 पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। फील्ड यूनिट ने भी मौके का निरीक्षण किया। मृतक मोहित पाल का पंचायतनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, निर्माणाधीन मकान में शटरिंग का कार्य चल रहा था, तभी अचानक संरचना का एक हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा। आशंका जताई जा रही है कि सुरक्षा मानकों में लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई निर्माण स्थलों पर सुरक्षा उपकरणों और श्रमिकों की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जाते, जिससे इस तरह की घटनाएं सामने आती रहती हैं। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। संबंधित ठेकेदार और निर्माण कार्य से जुड़े जिम्मेदार लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।



