उत्तर प्रदेशराज्य

Yamuna Pushta Elevated Road: यूपीएडा बनाएगा यमुना पुश्ता पर 23 किमी लंबी एलिवेटेड रोड, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी

Yamuna Pushta Elevated Road: यूपीएडा बनाएगा यमुना पुश्ता पर 23 किमी लंबी एलिवेटेड रोड, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी

Noida। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की दिल्ली से बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के लिए यूपीएडा यमुना पुश्ता पर 23 किलोमीटर लंबी छह लेन वाली एलिवेटेड रोड का निर्माण करेगा। सीईओ कृष्णा करुणेश ने बताया कि इस परियोजना को प्राधिकरण बोर्ड से पहले ही मंजूरी मिल चुकी है और यूपीएडा सिचाईं विभाग से एनओसी भी प्राप्त करेगा। इस परियोजना में आने वाले खर्च को नोएडा प्राधिकरण, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण संयुक्त रूप से वहन करेंगे।

इस एलिवेटेड रोड के बनने से यमुना एक्सप्रेसवे पर आने वाला ट्रैफिक कम होगा और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक दिल्ली से सीधी और तेज कनेक्टिविटी सुनिश्चित होगी। पहले योजना यह थी कि एनएचएआई यह रोड बनाए, लेकिन बोर्ड और शीर्ष अधिकारियों की मीटिंग के बाद तय किया गया कि निर्माण अब यूपीएडा के जिम्मे होगा। इस ट्रैक का सबसे बड़ा हिस्सा नोएडा प्राधिकरण के क्षेत्र में आएगा।

योजना के अनुसार यह छह लेन एलिवेटेड एक्सप्रेस वे ओखला बैराज से शुरू होकर हिंडन-यमुना दोआब होते हुए यमुना एक्सप्रेसवे तक जाएगी। इसमें दो स्थानों पर लूप या अंडरपास बनाए जाएंगे – पहला सेक्टर-168 एफएनजी को कनेक्ट करने के लिए और दूसरा सेक्टर-150 में सेक्टर-149A व सेक्टर-150 के बीच 75 मीटर चौड़ी सड़क को जोड़ने के लिए।

इस रोड के बनने से दिल्ली और हरियाणा की ओर जाने वाले यातायात के साथ-साथ ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे और अन्य शहरों की ओर जाने वाले वाहन सीधे गुजर सकेंगे। इससे नोएडा के भीतर ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी और इंटरनेशनल एयरपोर्ट की ओर जाने वाले यात्रियों को सुगम और तेज यात्रा का लाभ मिलेगा। साथ ही आगरा और लखनऊ जैसे शहरों की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए भी यात्रा आसान होगी।

प्रदूषण नियंत्रण और समय की बचत के लिहाज से यह परियोजना बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह लिंक न सिर्फ यातायात की सुविधा बढ़ाएगा बल्कि क्षेत्रीय विकास और सार्वजनिक ट्रांसपोर्ट नेटवर्क को भी मजबूती देगा।

Related Articles

Back to top button