Greater Noida Hit and Run Case: अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शिवम ठाकुर की कार को टक्कर मारने वाला बोलेरो चालक गिरफ्तार

Greater Noida Hit and Run Case: अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शिवम ठाकुर की कार को टक्कर मारने वाला बोलेरो चालक गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शिवम ठाकुर की कार को टक्कर मारने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बोलेरो चालक को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 4 फरवरी की देर रात की है, जब शिवम ठाकुर अपनी ग्रैंड विटारा कार से घर लौट रहे थे। हादसे के बाद खिलाड़ी द्वारा सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल किए जाने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया था, जिसमें उन्होंने इसे जानलेवा हमला बताया था।
पुलिस के मुताबिक, शिवम ठाकुर जैसे ही अपनी कॉलोनी की ओर बढ़ रहे थे, उसी दौरान पीछे से आ रही सफेद रंग की बोलेरो गाड़ी ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी अचानक थी कि शिवम की जान को खतरा महसूस हुआ। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिससे बोलेरो वाहन की पहचान हो सकी।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बोलेरो चालक दीपक पुत्र वीर सिंह को शुक्रवार, 6 जनवरी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी दीपक की उम्र करीब 26 वर्ष बताई जा रही है और वह मधुबन बिहार, ग्राम कुलेसरा, थाना ईकोटेक-3, गौतम बुद्ध नगर का निवासी है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी और पीड़ित दोनों एक ही कॉलोनी में रहते हैं और आपस में पड़ोसी हैं।
जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि शिवम ठाकुर और दीपक के बीच पहले से किसी प्रकार का विवाद नहीं था। साथ ही पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस घटना के दौरान किसी भी तरह की फायरिंग या गोली चलने की बात सामने नहीं आई है। वायरल वीडियो में लगाए गए जानलेवा हमले के आरोपों को लेकर पुलिस सभी तथ्यों की गहन जांच कर रही है।
इस पूरे मामले पर एडीसीपी सेंट्रल नोएडा आरके गौतम ने बताया कि पुलिस निष्पक्ष तरीके से सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





