उत्तर प्रदेश : हापुड़ में चलती इलेक्ट्रिक कार में लगी आग, बाल बाल बची चालक की जान

Hapur News : हापुड़ के हाफिजपुर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 334 पर कुराना टोल प्लाजा के पास उस समय अफरा तफरी मच गई जब एक इलेक्ट्रिक कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कार धूं धूं कर जलने लगी। गनीमत रही कि कार सवार ने समय रहते गाड़ी से उतरकर अपनी जान बचा ली। घटना की जानकारी मिलते ही हाफिजपुर पुलिस और दमकल विभाग मौके पर पहुंच गया।

जानकारी के अनुसार बुलंदशहर जनपद के थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के स्याना अड्डा निवासी अमन खरबंदा रविवार को अपनी इलेक्ट्रिक कार से बुलंदशहर से हापुड़ किसी काम से आ रहे थे। जैसे ही वह हाफिजपुर थाना क्षेत्र में कुराना टोल प्लाजा के पास पहुंचे तभी अचानक कार से धुआं निकलने लगा और कुछ ही पलों में कार में आग लग गई।

आग लगते ही अमन खरबंदा ने आनन फानन में गाड़ी से बाहर निकलकर खुद को सुरक्षित कर लिया। कुछ ही देर में कार पूरी तरह आग की चपेट में आ गई। इलेक्ट्रिक कार में आग लगने से हाईवे पर अफरा तफरी का माहौल बन गया और वहां से गुजर रहे वाहन चालकों ने अपने वाहन रोक दिए। लोगों ने तत्काल पुलिस और दमकल केंद्र को सूचना दी।

सूचना मिलते ही हाफिजपुर थाना प्रभारी प्रवीन कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके कुछ ही समय बाद दमकल कर्मी भी घटनास्थल पर पहुंच गए और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।

थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। फिलहाल इलेक्ट्रिक वाहन में आग लगने के कारणों को लेकर सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच जारी है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img