हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय से आज राजभवन हरियाणा में तेलंगाना राज्य की बैडमिंटन टीम ने शिष्टाचार मुलाकात की और राज्यपाल से आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं प्राप्त की। यह टीम हैदराबाद से टीम प्रबंधक अफ्जल बेगम के नेतृत्व में चंडीगढ़ में 3 मार्च से 9 मार्च तक चल रहे ऑल इंडिया सिविल सर्विस बैडमिंटन टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए आई हुई है।
राज्यपाल ने कहा कि खेल प्रतियोगिता खिलाड़ियों में राष्ट्रीय एकता की भावना एवं सदभावना का विकास करती है। खेल के दौरान सौहार्द एवं मैत्री का माहौल स्वतः ही तैयार हो जाता है। इस प्रकार की प्रतियोगिता से खिलाड़ियों को अपनी दक्षता और क्षमता सिद्ध करने का अवसर तो मिलेगा ही साथ ही उन्हें एक-दूसरे की भावनाओं, मान्यताओं, रहन-सहन इत्यादि के बारे मे जानकारी होगी।


