Ebola Alert India: इबोला प्रभावित देशों से आने वाले यात्रियों के लिए हेल्थ फॉर्म अनिवार्य

Ebola Alert India: इबोला प्रभावित देशों से आने वाले यात्रियों के लिए हेल्थ फॉर्म अनिवार्य
नई दिल्ली, 25 जून : इबोला वायरस के संभावित खतरे को देखते हुए भारत सरकार ने अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की निगरानी और स्वास्थ्य सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया है। इसके तहत Air Suvidha 2.0 पोर्टल को सक्रिय किया गया है, जिसके माध्यम से इबोला प्रभावित देशों से आने वाले या वहां से ट्रांजिट करने वाले यात्रियों के लिए स्वास्थ्य फॉर्म भरना अनिवार्य कर दिया गया है।
यह कदम नागरिक उड्डयन मंत्रालय और Delhi International Airport Limited (DIAL) की ओर से उठाया गया है, ताकि अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की बेहतर स्वास्थ्य जांच और निगरानी सुनिश्चित की जा सके।
विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा 17 मई 2026 को कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य और युगांडा में इबोला/बुंडीबुग्यो वायरस रोग के प्रकोप को अंतरराष्ट्रीय सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किए जाने के बाद यह एहतियाती व्यवस्था लागू की गई है।
नए नियमों के अनुसार, इबोला प्रभावित क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों को भारत पहुंचने से 24 घंटे पहले ऑनलाइन सेल्फ-डिक्लेरेशन हेल्थ फॉर्म भरना होगा। इसमें पिछले 21 दिनों की यात्रा का विवरण, संभावित संपर्क और किसी भी प्रकार के लक्षणों की जानकारी देना अनिवार्य होगा।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार यह पूरी प्रक्रिया डिजिटल और संपर्क रहित (contactless) होगी। यात्री फॉर्म भरने के बाद उसकी कॉपी डाउनलोड कर सकेंगे और एयरपोर्ट के इंटरनेशनल ट्रैवल हेल्थ डेस्क या इमिग्रेशन काउंटर पर दिखा सकेंगे।
सरकार का मानना है कि इस व्यवस्था से संदिग्ध मामलों की समय रहते पहचान की जा सकेगी और संक्रमण के प्रसार को रोकने में मदद मिलेगी। अधिकारियों ने सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले सही और पूर्ण जानकारी दर्ज करें ताकि सार्वजनिक स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।





