राज्यउत्तर प्रदेश

JIMS Protest: जिम्स कर्मचारियों पर लाठीचार्ज के विरोध में आंदोलन की चेतावनी, रिहाई नहीं होने पर होगा प्रदर्शन

JIMS Protest: जिम्स कर्मचारियों पर लाठीचार्ज के विरोध में आंदोलन की चेतावनी, रिहाई नहीं होने पर होगा प्रदर्शन

ग्रेटर नोएडा स्थित जिम्स अस्पताल के कर्मचारियों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में किसान एकता संघ ने आंदोलन की चेतावनी दी है। संगठन ने घोषणा की है कि यदि हिरासत में लिए गए कर्मचारियों को शुक्रवार शाम तक रिहा नहीं किया गया तो जिम्स परिसर में बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।

किसान एकता संघ ने यह फैसला गुरुवार दोपहर दनकौर स्थित अपने कैंप कार्यालय में आयोजित बैठक में लिया। बैठक की अध्यक्षता मेहरबान अली ने की, जबकि संचालन जिला अध्यक्ष पप्पे नागर ने किया। बैठक में जिम्स अस्पताल के कर्मचारियों पर पुलिस द्वारा किए गए कथित बल प्रयोग की निंदा की गई और प्रशासन से मामले का जल्द समाधान करने की मांग की गई।

किसान एकता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सोरन प्रधान ने बुधवार रात हुई घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक कर्मचारी और नागरिक को अपनी बात शांतिपूर्ण तरीके से रखने का अधिकार है। कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान बातचीत और संवाद के माध्यम से किया जाना चाहिए, न कि बल प्रयोग के जरिए।

सोरन प्रधान ने आरोप लगाया कि अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे जिम्स कर्मचारियों के प्रति प्रशासन ने कठोर रवैया अपनाया है। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई से कर्मचारियों और आम लोगों में नाराजगी है। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि हिरासत में लिए गए कर्मचारियों को जल्द रिहा किया जाए और उनकी समस्याओं पर गंभीरता से बातचीत की जाए।

किसान एकता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि शुक्रवार शाम तक हिरासत में लिए गए जिम्स कर्मचारियों को रिहा नहीं किया गया तो संगठन जिम्स अस्पताल परिसर में बड़ा आंदोलन शुरू करेगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के अधिकारों और उनकी मांगों के समर्थन में संगठन लगातार आवाज उठाएगा।

उन्होंने यह भी बताया कि 27 जून को मुख्यमंत्री के जनपद आगमन के दौरान भी किसान एकता संघ विरोध प्रदर्शन करेगा और जिम्स कर्मचारियों के समर्थन में अपनी बात रखेगा। बैठक में मौजूद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी कर्मचारियों के आंदोलन का समर्थन किया और प्रशासन से जल्द समाधान निकालने की मांग की।

बैठक में देशराज नागर, जगदीश शर्मा, पप्पे नागर, सचिन नागर, सतीश कनारसी, मोहनपाल नागर, राजसिंह नागर, राजेंद्र शर्मा, मनोज भाटी, फिरोज खान, जावेद सोलंकी सहित बड़ी संख्या में किसान एकता संघ के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

Related Articles

Back to top button