Fire Incident: गोल्डन आई मॉल की कमर्शियल बिल्डिंग में लगी आग, दमकल ने 40 मिनट में पाया काबू

Fire Incident: गोल्डन आई मॉल की कमर्शियल बिल्डिंग में लगी आग, दमकल ने 40 मिनट में पाया काबू

ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित गोल्डन आई मॉल की कमर्शियल बिल्डिंग में गुरुवार सुबह अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग टी-3 टावर की नौवीं मंजिल पर स्थित स्टूडियो अपार्टमेंट में लगी थी। देखते ही देखते आग फैलने लगी और बिल्डिंग से काला धुआं निकलने लगा। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब सवा दस बजे गोल्डन आई मॉल की कमर्शियल बिल्डिंग के टी-3 टावर में आग लगने की सूचना मिली। आग लगते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी तुरंत दमकल विभाग को दी गई।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। फायर कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद करीब 40 मिनट में आग पर नियंत्रण पा लिया।

सीएफओ प्रदीप कुमार ने बताया कि आग बुझाने के लिए इमारत में लगे फायर सेफ्टी उपकरणों का भी इस्तेमाल किया गया। ऊंचाई अधिक होने के कारण फायर टीम ने बिल्डिंग में मौजूद सुरक्षा संसाधनों की मदद से राहत कार्य को पूरा किया।

आग के कारण बिल्डिंग के अंदर काफी धुआं भर गया था। दमकल कर्मियों ने एग्जास्ट सिस्टम के जरिए धुएं को बाहर निकाला, जिससे राहत एवं बचाव कार्य में आसानी हुई। समय रहते कार्रवाई होने के कारण आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया।

सीएफओ के अनुसार, यह एक कमर्शियल बिल्डिंग है और आग स्टूडियो अपार्टमेंट में लगी थी। घटना के दौरान किसी व्यक्ति के फंसे होने की सूचना नहीं मिली है। हालांकि आग की चपेट में आने से फ्लैट में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया।

फायर विभाग की टीम अब आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को हादसे की वजह माना जा रहा है, लेकिन जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।

 

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img