Noida E Bus Service: नोएडा-ग्रेटर नोएडा में शुरू होगी ई-बस सेवा, मुख्यमंत्री योगी 12 जून को दिखाएंगे हरी झंडी
Noida E Bus Service: नोएडा-ग्रेटर नोएडा में शुरू होगी ई-बस सेवा, मुख्यमंत्री योगी 12 जून को दिखाएंगे हरी झंडी
नोएडा। जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संचालन से पहले नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के लोगों को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन की सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 12 जून को इलेक्ट्रिक बस सेवा का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। पहले चरण में कुल 30 ई-बसें विभिन्न प्रमुख रूटों पर संचालित की जाएंगी, जिससे लाखों यात्रियों को बेहतर और किफायती परिवहन सुविधा मिलेगी।
इस कार्यक्रम का आयोजन नोएडा के सेक्टर-33ए स्थित शिल्पहॉट में किया जाएगा, जहां मुख्यमंत्री वर्चुअल माध्यम से बसों को हरी झंडी दिखाएंगे। कार्यक्रम स्थल पर 10 बसों का प्रदर्शन किया जाएगा, जबकि शेष बसें अपने-अपने डिपो से निर्धारित मार्गों पर संचालन शुरू करेंगी।
नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी ने बताया कि पहले चरण में नोएडा क्षेत्र में 50, ग्रेटर नोएडा में 25 और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में 25 ई-बसें संचालित करने की योजना है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश कैबिनेट ने 100 अतिरिक्त इलेक्ट्रिक बसों को भी मंजूरी दे दी है। ऐसे में वर्ष के अंत तक जिले में लगभग 200 ई-बसें सड़कों पर दौड़ती नजर आएंगी।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बसों का किराया भी किफायती रखा गया है। न्यूनतम किराया 20 रुपये और अधिकतम किराया 50 रुपये निर्धारित किया गया है, जिससे आम लोगों को सस्ती और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा।
शिल्पहॉट में आयोजित होने वाले शुभारंभ कार्यक्रम में करीब 300 लोगों के शामिल होने की संभावना है। पहले दिन नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण अपने-अपने क्षेत्रों में 10-10 बसों का संचालन शुरू करेंगे।
नोएडा क्षेत्र में ई-बसों का संचालन सेक्टर-90 डिपो और बॉटनिकल गार्डन से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौर चौक, सेक्टर-62, जेवर एयरपोर्ट, फेस-2, सूरजपुर, कलेक्ट्रेट और ग्रेटर नोएडा जैसे प्रमुख स्थानों तक किया जाएगा। इसके अलावा आनंद विहार, सराय काले खां, गाजियाबाद और आईएसबीटी से भी बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित की जाएगी।
यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में भी कई महत्वपूर्ण ग्रामीण और शहरी मार्गों को इस सेवा से जोड़ा जाएगा। रबूपुरा, दनकौर, गौड़ यमुना सिटी, गलगोटिया विश्वविद्यालय, एनआईयू, जीबीयू, जिम्स, परी चौक, जिला न्यायालय, विकास भवन और सूरजपुर सहित अनेक क्षेत्रों को ई-बस नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। इससे गांवों में रहने वाले लोगों को भी बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।
वहीं ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने एयरपोर्ट कनेक्टिविटी को विशेष प्राथमिकता दी है। चार मूर्ति चौक, परी चौक, सूरजपुर, 130 मीटर रोड, जिम्स, मकौड़ा गोलचक्कर, सेक्टर पी-7, तिलपता, स्वर्णनगरी और यथार्थ अस्पताल जैसे प्रमुख स्थानों से सीधे नोएडा एयरपोर्ट तक बस सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि जेवर एयरपोर्ट के संचालन से पहले शुरू की जा रही यह ई-बस सेवा क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था में बड़ा बदलाव साबित होगी। इससे न केवल यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी, बल्कि प्रदूषण कम करने और पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य को भी मजबूती मिलेगी। एयरपोर्ट, शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी कार्यालयों और आवासीय क्षेत्रों के बीच तेज, सुरक्षित और सस्ती यात्रा की सुविधा क्षेत्र के विकास को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।