ग्रेटर नोएडा में एनपीसीएल के खिलाफ किसानों का बड़ा आंदोलन तैयार, महापंचायत का ऐलान
Greater Noida के नवादा गांव में रविवार को किसान एकता संघ की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें बिजली विभाग एनपीसीएल की कथित तानाशाही और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली संबंधी समस्याओं को लेकर किसानों ने बड़ा आंदोलन छेड़ने की रणनीति बनाई। बैठक में किसानों ने एकजुट होकर जल्द महापंचायत करने का ऐलान किया और ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई।
यह बैठक राजीव नागर के निवास पर आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता खुशीराम ने की जबकि संचालन किसान एकता संघ के जिला अध्यक्ष पप्पे नागर ने किया। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोरन प्रधान के मार्गदर्शन में किसानों ने बिजली समस्याओं, विभागीय कार्रवाई और ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही परेशानियों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक के दौरान किसान एकता संघ के राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष वनीष प्रधान ने घोषणा की कि एनपीसीएल के खिलाफ जल्द ही तुगलपुर स्थित कार्यालय पर एक बड़ी महापंचायत आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि संगठन के कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को आंदोलन से जोड़ रहे हैं और ग्रामीणों का भी व्यापक समर्थन मिल रहा है। किसानों का आरोप है कि बिजली विभाग की कार्यप्रणाली से गांवों के लोग परेशान हैं और उनकी समस्याओं का समाधान समय पर नहीं किया जा रहा।
बैठक में संगठन विस्तार पर भी विशेष जोर दिया गया। इस दौरान कई लोगों ने भारतीय किसान यूनियन (भानू) छोड़कर किसान एकता संघ की सदस्यता ग्रहण की। संगठन ने राजीव नागर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया। पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन को क्षेत्र में और मजबूती मिलेगी तथा किसानों की आवाज को प्रभावी तरीके से उठाया जाएगा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण मौजूद रहे। बैठक में सोरन प्रधान, देशराज नागर, श्रीकृष्ण बैंसला, सलोनी सोलंकी, उम्मेद एडवोकेट, संजय प्रधान, जयप्रकाश नागर, दुर्गेश शर्मा, जीतन नागर, अनिल नागर, मोहनपाल, सतीश कनारसी, हेमराज बीडीसी और मोहित समेत सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और बड़ा रूप दिया जाएगा।
Greater Noida News, NPCL Protest, Farmer Protest News, Kisan Ekta Sangh, Greater Noida Farmers, NPCL Mahapanchayat, Tughlapur NPCL Office, Kisan Meeting News, Uttar Pradesh News, Farmer Unity News, बिजली विभाग विरोध, Kisan Andolan, Village Meeting News, Noida Latest News, किसान पंचायत, NPCL Controversy, Hindi News Today, Greater Noida Latest News


