Greater Noida West: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की महागुन मंत्रा-2 सोसाइटी में जल्द शुरू होगी रजिस्ट्री, निवासियों में खुशी की लहर

Greater Noida West: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की महागुन मंत्रा-2 सोसाइटी में जल्द शुरू होगी रजिस्ट्री, निवासियों में खुशी की लहर

Greater Noida वेस्ट स्थित महागुन मंत्रा-2 सोसाइटी के निवासियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। लंबे इंतजार और लगातार संघर्ष के बाद अब सोसाइटी में फ्लैटों की रजिस्ट्री प्रक्रिया जल्द शुरू होने जा रही है। इस फैसले के बाद निवासियों में खुशी का माहौल है और लोगों ने मिठाई बांटकर एक-दूसरे को बधाई दी।

निवासियों का कहना है कि पिछले साढ़े तीन वर्षों से वे अपने फ्लैटों की रजिस्ट्री के लिए संघर्ष कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कई बार बिल्डर, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और जिला प्रशासन के चक्कर लगाए, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया। लगातार देरी के कारण लोग मानसिक और आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे थे।

आखिरकार महागुन मंत्रा-2 सोसाइटी के निवासियों ने नेफोमा के मुख्य सलाहकार दीपक दुबे के नेतृत्व में उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट में दायर याचिका पर सुनवाई के बाद न्यायालय ने संबंधित पक्षों को 90 दिनों के भीतर निवासियों की मांगें पूरी करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद अब रजिस्ट्री प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद तेज हो गई है।

नेफोमा के मुख्य सलाहकार दीपक दुबे ने कहा कि सोसाइटी के सभी निवासी एक परिवार की तरह हैं और संगठन हर पीड़ित फ्लैट खरीदार के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि लंबे समय से लोग अपने ही घरों के मालिकाना हक के लिए संघर्ष कर रहे थे, लेकिन अब न्याय मिलने की उम्मीद जगी है।

नेफोमा अध्यक्ष अन्नू खान ने कहा कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट की कई सोसाइटियों में इसी तरह की समस्याएं बनी हुई हैं। बिल्डर और प्राधिकरण के बीच विवाद और खींचतान के कारण रजिस्ट्री प्रक्रिया प्रभावित होती है, जिसका नुकसान सीधे घर खरीदारों को उठाना पड़ता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अदालत के निर्देशों के बाद अब अन्य परियोजनाओं के निवासियों को भी राहत मिल सकती है।

न्यायालय के आदेश की जानकारी मिलते ही महागुन मंत्रा-2 सोसाइटी में उत्साह का माहौल बन गया। लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की। इस दौरान संतोष सिंह, राहुल, प्रवीण, संतोष आनंद, साकेत, अंकित और संतोष श्रीवास्तव सहित कई निवासी मौजूद रहे।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img