अमर सैनी
नोएडा। थाना दनकौर क्षेत्र के सरकपुर गांव में शनिवार बिजली की लाइन ठीक करते समय एक लाइनमैन की करंट लगने से मौत हो गई। लाइनमैन 11 हजार वोल्ट के करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया था और उसने पोल पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक गांव चूहड़पुर बांगर निवासी 40 वर्षीय सदाकत पिछले कई सालों से मंडी श्याम नगर कस्बे में स्थित बिजली घर पर लाइनमैन था। शनिवार शाम को सरकपुर गांव में लाइन खराब हो गई थी। वह शटडाउन लेकर लाइन ठीक करने गांव पहुंचा था। बताया जाता है कि जब वह लाइन ठीक करने के लिए खंभे पर चढ़ा तो अचानक उसमें करंट आ गया। जिससे वह बुरी तरह झुलस गया। आसपास मौजूद अन्य कर्मचारियों व ग्रामीणों को जब इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने स्थानीय पुलिस को सूचना दी। काफी देर बाद लाइन से बिजली बंद कराई गई। बाद में पुलिस ने शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जाता है कि मृतक के चार छोटे-छोटे बच्चे हैं। वह परिवार में इकलौता कमाने वाला था।
परिवार को मिला मुआवजा
इस संबंध में पुलिस का कहना है कि शव परिजनों को सौंप दिया गया है। बिजली विभाग की तरफ परिजनों को मुआवजा दिया गया है। परिजनों ने घटना को लेकर पुलिस से किसी भी तरह की शिकायत नहीं की है।


