यूपीआईटीएस 2024- योगी राज में बदले हालात तो उद्यमियों के सपनों को लगे पंख

ग्रेटर नोएडा, 25 सितंबरः योगी राज में उत्तर प्रदेश विकास की नई इबारत लिख रहा है। सुदृढ़ कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार पर नकेल का परिणाम है कि उत्तर प्रदेश अब बिजनेस के क्षेत्र में नित नई ऊंचाई छू रहा है। शहर-ग्रामीण परिवेश की महिलाएं भी सुरक्षा की भावना के साथ कारोबार कर रही हैं। युवा बेहतर भविष्य के लिए नौकरी मांगने नहीं बल्कि नौकरी देने वाला बन रहा है। यूपी के विकास और तरक्की की बानगी ग्रेटर नोएडा के एक्सपो मार्ट में बुधवार को यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में दिखी। बुधवार को शो के पहले ही दिन बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे।

प्रोत्साहित करती है योगी सरकार
सिद्धार्थनगर के उत्प्रेरक ने एक साल पहले स्टार्टअप शुरू किया। उनकी कंपनी काला नमक चावल से बेकरी उत्पाद बनाती है। उत्प्रेरक कहते हैं कि इन्वेस्ट यूपी से स्टार्टअप के लिए अप्लाई किया था। तय समय में कारोबार तो शुरू हुआ ही, योगी सरकार ने सब्सिडी भी दी। यही नहीं, सरकार उनके बिजनेस को लगातार प्रोत्साहित करती है। इन्हें थाईलैंड सरीखे देशों में लगने वाली प्रदर्शनी में भी भेजा गया।

सरकार से मिली ट्रेनिंग और किट
प्रयागराज की आयशा बेगम मूंज के उत्पाद बनाती हैं। आयशा कहती हैं कि उनके साथ 20 और महिलाएं जुड़ी हैं। मूंज बनाने के लिए सरकार ने उनकी टीम की सभी महिलाओं को प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के दौरान खाने की व्यवस्था से लेकर किट भी उपलब्ध कराई गई। आयशा ने कहा कि प्लास्टिक पर्यावरण के लिए बहुत हानिकारक है। योगी सरकार द्वारा इसे लेकर आमजन को जागरूक किया गया है, इसकी वजह से मूंज से बने उत्पादों की मांग अब बढ़ने लगी है।

स्वयं सहायता समूह की सफल गाथा हैं गुंजन
ट्रेड शो के पहले ही दिन अंबेडकर नगर की गुंजन के स्टॉल पर भीड़ लग गई। गुंजन द्वारा बनाए पिज्जा की हर कोई तारीफ कर रहा था तो वहीं गुंजन सरकार को धन्यवाद दे रही थीं। गुंजन ने बताया कि उनके पति होटल पर काम करते थे। कोरोना काल में नौकरी छूट गई। गुंजन ने स्वयं सहायता समूह से 10 हजार रुपये उधार लेकर पिज्जा बनाने की मशीन खरीदी। बहुत जल्द काम चल निकला। इसके बाद गुंजन ने स्वयं सहायता समूह से दूसरी बार 50 हजार और बाद में एक लाख रुपये लेकर बड़ी मशीन खरीद ली।

दिल्ली के मुकाबले योगी सरकार दे रही अधिक सब्सिडी
मुजफ्फरनगर के संयम जॉगरी कारोबार करते हैं। संयम कहते हैं कि इस तरह के ट्रेड शो से उद्यमियों को बहुत लाभ मिलता है। योगी सरकार दिल्ली के मुकाबले अधिक सब्सिडी दे रही है। योगी आदित्यनाथ ने यूपी की कानून व्यवस्था सुधार दी है। बिजली अब 24 घंटे रहती है। जिस कारण कारोबारी गतिविधियां बढ़ रही हैं।

सुरक्षित महसूस करती हैं महिलाएं
बनारस की संस्कृति जरी क्राफ्ट का बिजनेस करती हैं। उन्होंने कहा कि योगी राज में भ्रष्टाचार का पूरी तरह सफाया हो गया। कानून व्यवस्था की स्थिति सही हो गई। एक महिला होने के बावजूद उन्हें कभी डर नहीं लगता। सरकार सुरक्षा, सम्मान व स्वाबलंबन से महिलाओं को जोड़ रही है।

संजीवनी बना इंटरनेशनल ट्रेड शो
गाजीपुर के हैंडलूम उद्यमी रोशन कुमार ने बताया कि लगातार दूसरी बार ट्रेड शो में उनका स्टॉल लगा है। बकौल रोशन पिछला साल बिजनेस के लिहाज से बढ़िया गया था। इस बार भी काफी उम्मीदें हैं। अलीगढ़ के उद्यमी विनोद कुमार ने भी कारोबार के अनुकूल माहौल प्रदान करने के लिए योगी सरकार की तारीफ की।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img