Yamuna Authority: स्पार्क मिंडा टोयोडेंसो को 7 एकड़ भूखंड का लेटर ऑफ इंटेंट

Yamuna Authority: स्पार्क मिंडा टोयोडेंसो को 7 एकड़ भूखंड का लेटर ऑफ इंटेंट
औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए Yamuna Expressway Industrial Development Authority ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। प्राधिकरण ने Spark Minda Toyodenso India Private Limited को सेक्टर-8डी में 7 एकड़ भूखंड के लिए लेटर ऑफ इंटेंट जारी किया है।
यह पत्र प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह और अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेन्द्र कुमार भाटिया ने कंपनी के कार्यकारी निदेशक अशोक दास और पीयूष गोयल को सौंपा। इस अवसर पर Minda Corporation Limited के कॉरपोरेट मामलों के प्रमुख अमित जालान भी मौजूद रहे।
प्राधिकरण के अनुसार उत्तर प्रदेश सरकार की निवेश प्रोत्साहन नीति के तहत फॉर्च्यून-500 कंपनियों में शामिल होने के कारण कंपनी को सहायक अनुदान भी प्रदान किया गया है। इस परियोजना के तहत कंपनी स्विच, सेंसर और अन्य ऑटो स्विच सिस्टम की करीब 20 लाख यूनिट का उत्पादन करेगी।
इस परियोजना में लगभग 220 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। अधिकारियों का कहना है कि इस यूनिट के स्थापित होने से क्षेत्र में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
बताया गया कि स्पार्क मिंडा ग्रुप की कंपनी मिंडा कॉरपोरेशन लिमिटेड की भारत के अलावा वियतनाम, इटली, जापान और इंडोनेशिया में कुल 27 उत्पादन इकाइयां संचालित हैं। कंपनी मेकेट्रॉनिक्स, सूचना एवं कनेक्टेड सिस्टम, प्लास्टिक व इंटीरियर, आफ्टरमार्केट उत्पाद और इलेक्ट्रिक वाहन तथा इलेक्ट्रॉनिक्स के क्षेत्र में काम कर रही है। इसके अलावा पुणे और बेंगलुरु में कंपनी के अनुसंधान एवं विकास केंद्र भी स्थापित हैं।


