राज्यउत्तर प्रदेश

World Book Fair 2026: विश्व पुस्तक मेला 2026 में किड्स एक्सप्रेस बनी बच्चों की रचनात्मक यात्रा का केंद्र

World Book Fair 2026: विश्व पुस्तक मेला 2026 में किड्स एक्सप्रेस बनी बच्चों की रचनात्मक यात्रा का केंद्र

नई दिल्ली, 16 जनवरी। नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेला 2026 में बाल मंडप की किड्स एक्सप्रेस बच्चों के लिए सबसे आकर्षक केंद्र के रूप में उभर कर सामने आई है। भारत मंडपम के हॉल नंबर-6 में 18 जनवरी तक सजी यह ट्रेननुमा संरचना बच्चों को किताबों, कल्पना और रचनात्मकता की रोमांचक यात्रा पर ले जा रही है। बैंगनी रंग की किड्स एक्सप्रेस का इंजन जैसा प्रवेश द्वार, एनिमेटेड खिड़कियां और रंग-बिरंगे पात्र बच्चों को वास्तविक रेल यात्रा का अनुभव कराते हैं।

ट्रेन के भीतर बने अलग-अलग कोच बच्चों की सोच, सीख और सृजन को नई दिशा दे रहे हैं। ‘स्टोरीटाइम शताब्दी’ में अंतरिक्ष थीम के साथ कहानियों की दुनिया खुलती है, जहां बच्चे कल्पना के नए आयामों से जुड़ते हैं। ‘रेल म्यूजियम’ कोच में भारतीय रेल के मॉडल, रोचक जानकारियां और इंटरएक्टिव क्विज बच्चों को ज्ञान के साथ मनोरंजन का अवसर देते हैं। ‘किताब घर’ और ‘इमोजी मी’ जैसे कोच बच्चों को लेखन, कला और भावनाओं की अभिव्यक्ति के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

मधुबनी और वर्ली कला, कठपुतली, क्ले आर्ट और क्राफ्ट से जुड़ी कार्यशालाएं बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को निखार रही हैं। वहीं ‘कलर मी’ डूडल कैनवास बच्चों के बीच सबसे लोकप्रिय पड़ाव बना हुआ है। देश-विदेश के कहानीकारों की सहभागिता से आयोजित कहानी सत्रों ने इस अनुभव को वैश्विक रंग दे दिया है। कुल मिलाकर किड्स एक्सप्रेस बच्चों के लिए सीख और मनोरंजन का जीवंत संसार बन चुकी है।

Related Articles

Back to top button