विद्युत निगम का कारनामा, उपभोक्ता का भेज दिया चार करोड़ रुपये का बिल

अमर सैनी

नोएडा। विद्युत निगम एक बार फिर सुर्खियों में बना हुआ है। विद्युत निगम ने उपभोक्ता का चार करोड़ रुपये का बिल भेज दिया। उपभोक्ता ने चार करोड़ रुपये के बिल का मैसेज देखा तो उसके होश उड़ गए। उपभोक्ता ने इसकी शिकायत विद्युत निगम के अभियंताओं से की और आरडब्ल्यूए को सूचना दी। अब विद्युत निगम पूरे प्रकरण में मीटर रीडर की लापरवाही मानते हुए आनन-फानन में बिल को सही करने में लगा है।
सेक्टर-122 के सी ब्लॉक में बसंत शर्मा रहते हैं। उन्होंने वर्ष 2011 में विद्युत निगम से पांच किलोवाट का घरेलू श्रेणी में बिजली कनेक्शन ले रखा है। उनका गर्मियों में बिजली का बिल एक हजार रुपये से लेकर 15 सौ रुपये तक आता है। जून महीने में उनका बिजली का बिल 1490 रुपये आया था। वहीं सर्दियों में एक हजार रुपये से कम ही बिल आता था। अब जुलाई महीने में बसंत शर्मा का बिजली का बिल चार करोड़ दो लाख 31 हजार 8 सौ 42 रुपये का आया है। साथ ही 24 जुलाई से पहले बिल जमा करने पर 2,84,970 रुपये छूट का भी मैसेज भेज गया है। बसंत शर्मा ने पूरे प्रकरण की शिकायत विद्युत निगम से की है। अब विद्युत निगम बिल को सही करने में लगा हुआ है। जिले में हर महीने 15 हजार से अधिक उपभोक्ताओं के बिल गलत तैयार किए जा रहे हैं। फिर बिल को सही करने के लिए उपभोक्ताओं का उत्पीड़न किया जाता है और रिश्वत की मांग की जाती है। ऐसा ही प्रकरण बीते महीनों सेक्टर-52 बिजली दफ्तर में आया था। इसमें मेरठ की टीम ने सेक्टर-52 बिजली दफ्तर पर बाबू व संविदा कर्मचारी को रिश्वत के रुपयों के साथ पकड़ा था।

वर्जन

मीटर रीडर की लापरवाही की वजह से उपभोक्ता का गलत बिल बना है। बिल को होल्ड कर दिया गया है। बिल को सही किया जा रहा है। इसके साथ मीटर रीडर के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। किसी भी कीमत पर उपभोक्ता को गलत बिल दिया जाना स्वीकार नहीं किया जाएगा।

-शिवम त्रिपाठी, अधिशासी अभियंता, विद्युत निगम।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img