राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

उत्तर प्रदेश : हापुड़ में दर्दनाक हादसा: डिवाइडर से टकराई रोडवेज बस, चालक की मौत, दस यात्री घायल

Hapur News : हापुड़ के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र में सोमवार तड़के राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें पीलीभीत से दिल्ली जा रही रोडवेज बस उपैड़ा फ्लाईओवर के पास अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसा इतना जोरदार था कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कंडेक्टर समेत दस यात्री घायल हो गए।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह घटना सुबह करीब चार बजे की है, जब पीलीभीत डिपो की बस रोजाना की तरह दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। बाबूगढ़ क्षेत्र में नए हाईवे पर पहुंचते ही चालक अचानक बस पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद बस दिल्ली-मुरादाबाद लेन की ओर डिवाइडर से जा भिड़ी। टक्कर के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई और चारों ओर चीख-पुकार सुनाई देने लगी।

हादसे में चालक मंगल सिंह (50 वर्ष), निवासी त्रिलोकपुर, खीरी की मौके पर ही मौत हो गई। बस में कुल 33 यात्री सवार थे, जिनमें से कंडेक्टर नकुल सहित दस लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस व दमकल विभाग को जानकारी दी।

सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल टीम ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को बस से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। जिन यात्रियों को मामूली चोटें आई थीं, उन्हें दूसरी बसों से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

हादसे के चलते दिल्ली-मुरादाबाद लेन पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया, जिससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए वाहनों को सर्विस लेन से निकालना शुरू किया और बाद में क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को हटवाकर यातायात बहाल कराया।

थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घायलों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। प्रारंभिक जांच में चालक का संतुलन बिगड़ना मुख्य वजह माना जा रहा है, हालांकि तकनीकी खराबी समेत अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button