उत्तर प्रदेश : हापुड़ में 8 लाख की चोरी का खुलासा, चौथा आरोपी गिरफ्तार, नकदी और बाइक बरामद

Hapur News : हापुड़ में थाना देहात पुलिस ने स्वर्ग आश्रम रोड स्थित मोहल्ला इंद्रलोक कॉलोनी में टिंबर व्यापारी कुलदीप कुमार गोयल के घर हुई करीब 8 लाख रुपये की चोरी के मामले में फरार चल रहे चौथे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई 3.80 लाख रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद की है।
यह घटना 24 मार्च की है जब कुलदीप कुमार गोयल अपने प्रतिष्ठान पर गए हुए थे, उनकी पत्नी मंदिर पूजा के लिए गई थीं और बेटा ट्यूशन पढ़ने गया हुआ था। घर पर ताला लगा हुआ था, लेकिन जब गृहस्वामिनी वापस लौटीं तो उन्होंने देखा कि मकान का ताला टूटा हुआ है और घर का सारा सामान बिखरा पड़ा है। इसके बाद उन्होंने शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए।
पीड़ित परिवार के अनुसार चोर घर से लगभग 8 लाख रुपये की नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान चुरा ले गए थे। सूचना मिलते ही थाना देहात पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
सीओ सिटी वरुण मिश्रा ने बताया कि थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार जांच और छानबीन की। इसी दौरान फरार चल रहे चौथे आरोपी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गंगापुरा निवासी मन्नु सिंह को थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के गोंदी सलाई अंडरपास से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के पास से 3.80 लाख रुपये नकद और चोरी में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई।
इससे पहले पुलिस इस मामले में तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनमें इंद्रलोक कॉलोनी निवासी ईशा गुप्ता, फ्रीगंज रोड गंगापुरा निवासी शालिनी उर्फ शालू और आकाश शामिल हैं। पुलिस अब मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।





