उत्तर प्रदेश : एसआईआर से अवैध वोटरों पर शिकंजा, लोकतंत्र होगा मजबूत : डीपी यादव

Bulandshar News (अवनीश त्यागी) : बुलंदशहर में राष्ट्रीय परिवर्तन दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष डीपी यादव ने कहा कि एसआईआर से अवैध मतदाताओं का नाम सूची से हटने पर लोकतंत्र को मजबूती मिलेगी। वहीं भारत में अवैध रूप से रह रहे पाकिस्तानी और बांग्लादेशियों की पहचान कर उन्हें भगाने में मदद मिलेगी।
पूर्व सांसद डीपी यादव गुरुवार की शाम एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कस्बा स्याना पहुंचे। नगर पहुंचने पर समर्थकों ने फूल माला पहनकर डीपी यादव का जोरदार स्वागत किया। श्री यादव ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी राष्ट्रीय परिवर्तन दल तय करेगा कि हम इंडिया गठबंधन के साथ चुनाव लड़ेंगे या एनडीए के साथ, लेकिन यह तय है कि हम विधानसभा चुनाव जरूर लड़ेंगे।
एसआईआर को लेकर डीपी यादव ने कहा कि मैं सहमत हूं, जिन लोगों का वोट तीन जगह या चार जगह है उनका वोट एक जगह होना चाहिए यह सही बात है। दुरुपयोग नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो बांग्लादेशी या पाकिस्तान भारत में अवैध रूप से आ गए हैं उनको बाहर निकला जाना चाहिए।
डीपी यादव ने कहा कि पश्चिम उत्तर प्रदेश को अलग राज्य बनाए जाने की मांग को लेकर उनकी पार्टी, सहयोगी दलों के साथ मिलकर आगरा से लेकर सहारनपुर तक अलग राज्य बनाए जाने की मांग को लेकर जन आंदोलन चलाएगी। पूर्व मंत्री डीपी यादव ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों से पहले भारत सरकार के साथ बैठ कर पश्चिम उत्तर प्रदेश की मांग उठाएंगे।
बुलंदशहर में भी लड़ेंगे चुनाव, डीपी यादव ने स्पष्ट कहा कि बुलंदशहर उनकी कर्मस्थली है और उनकी पार्टी बुलंदशहर में जरूर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि अभी बुलंदशहर का विकास उतना नहीं हुआ है, जितना वह हकदार है। दिल्ली, नोएडा से नजदीक और एनसीआर में आने के बावजूद यहां मेट्रो रेल भी नहीं आ सकी है। अब जेवर एयरपोर्ट चालू होने वाला है तो उम्मीद है कि यहां भी जल्द मेट्रो आएगी ¹।





