उत्तर प्रदेशराज्यराज्य

उत्तर प्रदेश : हापुड़ में सेवानिवृत्त फौजी पर कार सवार बदमाशों ने की फायरिंग, गंभीर रूप से घायल

Hapur News : हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब मंदिर जा रहे एक सेवानिवृत्त फौजी पर कार सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। फायरिंग में एक गोली लगने से सेवानिवृत्त फौजी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई, जबकि परिजनों में कोहराम मच गया।

ग्राम श्यामपुर जट्ट निवासी कर्मवीर सिंह सेवानिवृत्त फौजी हैं, जो करीब 20 वर्ष पूर्व फौज से सेवानिवृत्त हुए थे। शनिवार सुबह वह रोज की तरह घर से मंदिर जाने के लिए निकले थे। जैसे ही वह घर से कुछ दूरी पर पहुंचे, तभी एक कार में सवार बदमाश वहां पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ तीन राउंड फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान एक गोली कर्मवीर सिंह को जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े। बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है, ताकि कार सवार बदमाशों की पहचान की जा सके। थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह ने बताया कि घायल को मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। मामले की जांच विभिन्न बिंदुओं पर की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button