अमर सैनी
उत्तर प्रदेश, नोएडा। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर बाइक राइड के नाम पर हंगामा करने वाले बाइकर्स के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट से 40 बाइक का चालान और सीज करने की कार्रवाई की है। वीकेंड पर बाइकर्स नोएडा ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे पर हंगामा और ओवरस्पीडिंग करते हैं। जिससे दूसरे लोगों की जान भी जोखिम में रहती है।
दरअसल, छुट्टी के दिन यहां नोएडा एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे पर बाइकर्स रेस लगाते हैं। बड़ी संख्या में बाइकर्स दिल्ली से आते हैं और रेस लगाते समय नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और फिर यमुना एक्सप्रेसवे पर ओवरस्पीडिंग करते हैं। इस दौरान हादसों की आशंका भी लगातार बनी रहती है। इनके द्वारा ओवरस्पीडिंग और हंगामा करने से दूसरे लोगों को भी परेशानी होती है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद रविवार को नोएडा और ग्रेटर नोएडा में पुलिस ने बाइकर्स के खिलाफ अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। एडीसीपी नोएडा मनीष कुमार मिश्रा ने बताया कि काफी दिनों से सूचना मिल रही थी कि दिल्ली से कुछ बाइकर्स नोएडा की सीमा में प्रवेश करते हैं और फिर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे पर लापरवाही से तेज गति से बाइक चलाकर उत्पात मचाते हैं। जिससे आम लोगों की जान भी खतरे में रहती है। मिली सूचना के आधार पर ऐसे बाइकर्स को पकड़ने के लिए एसीपी वन ग्रेटर नोएडा के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया।
बाइकर्स के खिलाफ की गई कार्रवाई
इस टीम ने रविवार को लापरवाही और खतरनाक तरीके से मोटरसाइकिल चलाने वाले बाइकर्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। रविवार को पुलिस ने नोएडा में एक्सप्रेसवे से 36 बाइकों का चालान कर उन्हें जब्त किया है, इसके साथ ही इन लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई भी सुनिश्चित की गई है। इसके साथ ही एडीसीपी ग्रेटर नोएडा अशोक कुमार ने बताया कि नोएडा में पुलिस ने तेज गति से लापरवाही से बाइक चलाकर उत्पात मचाने वाले 40 बाइकर्स को पकड़ा है।
बाइकर्स के खिलाफ अभियान जारी
नोएडा में एसीपी वन पवन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा अभियान चलाया गया। उसमें भी रविवार को पुलिस ने 40 बाइकर्स के चालान किए और बाइक सीज की। एडीसीपी ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस तरह से लापरवाही बरतकर हुड़दंग मचाने वाले बाइकर्स के खिलाफ सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। क्योंकि उनकी लापरवाही की वजह से एक्सप्रेसवे पर सफर करने वाले दूसरे लोगों की जान भी खतरे में रहती है। साथ ही हादसों की आशंका भी बढ़ जाती है।


