उत्तर प्रदेश : हापुड़ में महिला की हत्या का खुलासा, अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर होता था झगड़ा

Hapur News : गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने फूलहड़ी गांव के जंगल में ईंख के खेत से मिले महिला के शव के मामले का शुक्रवार को खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस संबंध में महिला के पति, उसके दोस्त और ससुर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, किसान जब खेतों पर काम करने पहुंचे तो उन्हें तेज दुर्गंध महसूस हुई। जांच करने पर उन्हें ईंख के खेत में एक महिला का सड़ा-गला शव मिला। शव काफी पुराना होने के कारण तत्काल उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। महिला ने सफेद रंग का सूट-सलवार पहन रखा था।
पुलिस ने शव की पहचान के लिए आसपास के थानों को सूचना भेजी। इसी दौरान पिलखुवा से एक महिला के लापता होने की जानकारी मिली। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान पिलखुवा निवासी नफीस की बेटी शमरीन के रूप में की।
कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि शमरीन का निकाह इसी वर्ष जनवरी 2026 में बागपत के सिंघावली क्षेत्र के ब्राह्मणों की चौपाल निवासी आकिब के साथ मस्जिद में हुआ था। यह शादी शमरीन की मर्जी से हुई थी।
आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि आकिब के पिता अनीस इस शादी से खुश नहीं थे। वह अतिरिक्त दहेज के रूप में 5 लाख रुपये की मांग करते थे और इसी बात को लेकर अनीस अक्सर शमरीन से झगड़ा करता था।
आकिब के दोस्त आकिब पुत्र महबूब ने भी उससे 5 लाख रुपये दहेज में लाने को कहा था, ताकि वे दोनों मिलकर एक होटल खोल सकें। घटना से पहले पति आकिब अपनी पत्नी समरीन और दोस्त आकिब पुत्र महबूब के साथ बहादुरगढ़ में दोस्त की मां के घर गए थे। 5 मार्च को बहादुरगढ़ से लौटते समय, आकिब और उसके दोस्त ने फूलहड़ी गांव की ईदगाह के पास गन्ने के खेत में छुरी से समरीन का गला रेतकर हत्या कर दी और शव को वहीं छोड़कर फरार हो गए।





