उत्तर प्रदेश : बुलंदशहर में 2.76 करोड़ रुपये से बने “महर्षि वन” पार्क का लोकार्पण

Bulandshar News (अवनीश त्यागी) : बुलंदशहर में खुर्जा विकास प्राधिकरण द्वारा निर्मित “महर्षि वन” पार्क का सोमवार को प्रभारी मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने लोकार्पण किया। यह पार्क खुर्जा विकास प्राधिकरण की ट्रांसपोर्ट नगर योजना के अंतर्गत ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में विकसित किया गया है। कार्यक्रम के दौरान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) वन, पर्यावरण, जन्तु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार डॉ. अरुण कुमार ने पार्क का उद्घाटन करते हुए कहा कि इस प्रकार के हरित और आध्यात्मिक स्थल नागरिकों को प्रकृति से जोड़ने के साथ मानसिक शांति भी प्रदान करते हैं।
बुलंदशहर-खुर्जा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ. अंकुर लाठर ने बताया कि लगभग 2 हेक्टेयर क्षेत्रफल में फैले इस पार्क के विकास और सौंदर्यीकरण पर करीब 2.76 करोड़ रुपये की लागत आई है। उन्होंने बताया कि “महर्षि वन” को नागरिकों के लिए प्राकृतिक और आध्यात्मिक वातावरण विकसित करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।
पार्क में सात ध्यान कुटियों की स्थापना की गई है, जहाँ लोग ध्यान और आध्यात्मिक गतिविधियाँ कर सकेंगे। डॉ. अंकुर लाठर ने बताया कि “महर्षि वन” की एक प्रमुख विशेषता यह भी है कि यहाँ भारतीय वैदिक परंपरा के प्रतीक सप्त ऋषि और ब्रह्म ऋषियों की कुल 12 प्रतिमाएँ स्थापित की गई हैं। परिसर में दो जल सरोवर भी विकसित किए गए हैं, जो पार्क की प्राकृतिक सुंदरता को और आकर्षक बनाते हैं।
इसके अतिरिक्त पार्क में हरित विकास को ध्यान में रखते हुए व्यापक पौधरोपण किया गया है। योग अभ्यास के लिए अलग स्थान बनाया गया है और समुचित प्रकाश व्यवस्था की भी व्यवस्था की गई है, जिससे नागरिकों को सुबह और शाम के समय बेहतर वातावरण मिल सके।





