उत्तर प्रदेश : चलती ट्रेन में बिगड़ी तबीयत, 18 वर्षीय युवक की मौत से मचा हड़कंप

Hapur News : आनंद विहार टर्मिनल से बिहार के दानापुर जा रही जनसाधारण एक्सप्रेस में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ट्रेन में सफर कर रहे 18 वर्षीय युवक अमान की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना के बाद यात्रियों में दहशत फैल गई और तुरंत रेलवे अधिकारियों को सूचना दी गई।
जानकारी के अनुसार, बिहार के कटिहार जिले के सुखासन मिलिक गांव निवासी अमान पिछले कुछ दिनों से बुखार से पीड़ित था और दिल्ली में रसोइया का काम करता था। वह अपने साथी मोहम्मद अशफाक के साथ घर लौटने के लिए आनंद विहार टर्मिनल से जनसाधारण एक्सप्रेस के साधारण कोच में सवार हुआ था। ट्रेन के रवाना होने के कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोशी जैसी हालत में पहुंच गया।
कोच में मौजूद यात्रियों ने स्थिति को गंभीर देखते हुए तुरंत ट्रेन के गार्ड और रेलवे अधिकारियों को सूचना दी, जिसके बाद मुरादाबाद कंट्रोल रूम को अलर्ट किया गया। निर्देश मिलते ही हापुड़ रेलवे स्टेशन पर नॉन-स्टॉप गुजरने वाली ट्रेन को विशेष रूप से रोका गया।
सूचना पर पहुंची आरपीएफ टीम ने युवक को तुरंत ट्रेन से उतारकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। आरपीएफ थाना प्रभारी राकेश कुमार यादव ने बताया कि युवक को बचाने के हर संभव प्रयास किए गए, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और उनकी मौजूदगी में पोस्टमार्टम व अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। युवक के साथ यात्रा कर रहे मोहम्मद अशफाक ने बताया कि अमान कई दिनों से बुखार और कमजोरी से जूझ रहा था, लेकिन घर जाने की इच्छा के चलते उसने यात्रा शुरू की, जो उसके लिए जानलेवा साबित हुई।





