उत्तर प्रदेश : तीर्थ नगरी ब्रजघाट में पौष पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी

Hapur News : तीर्थ नगरी ब्रजघाट एवं पुष्पावती पूठ में भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डूबकी लगाई। इस दौरान गंगा तट हर- हर गंगे के जयकारों से गुंजायमान हो गया। अनेक श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर पुण्य अर्जित किया। श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के बाद श्रीसत्यनारायण भगवान की कथा का श्रवण किया और मंदिरों में चल रहे भजन कीर्तन में भाग लिया।
भक्तों ने मंदिरों में जाकर विधि विधान से पूजा अर्चना की और गरीब एवं असहाय लोगों को अन्न, वस्त्र, धन आदि का दान देकर पुण्य अर्जित किया। पुलिस भी हाईवे पर जाम न लगे, इसको लेकर सतर्क रहीं और गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए लगातार निगरानी की।
बता दें कि यहां ओवर ब्रिज निर्माण के कारण वाहनों को हाईवे की सर्विस रोड से निकाला जा रहा है। रास्ता संकरा होने के कारण यहां 24 घंटे जाम जैसे हालात बने रहते हैं। हालांकि सर्दी एवं कोहरे का मौसम होने के कारण श्रद्धालुओं की संख्या में गिरावट दिखाई दी।





