उत्तर प्रदेश : पटाखों जैसी आवाज निकालती बुलेट सीज होने पर हापुड़ में भड़के भाकियू टिकैत युवा कार्यकर्ता, थाने का किया घेराव

Hapur News : थाना सिंभावली क्षेत्र के हरोड़ा मोड़ पुल के पास वाहन चेकिंग के दौरान तेज आवाज निकाल रही बुलेट मोटरसाइकिल को पुलिस द्वारा सीज किए जाने के बाद मामला गरमा गया। भाकियू टिकैत युवा संगठन ने पुलिस पर संगठन के एक कार्यकर्ता के साथ अभद्रता और बेइज्जती करने का आरोप लगाते हुए सोमवार की देर रात थाने का घेराव कर दिया। करीब एक घंटे तक चले इस घेराव के दौरान थाने के बाहर जमकर हंगामा हुआ।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस द्वारा चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान एक युवक को रोका गया, जिसकी बुलेट बाइक से पटाखों जैसी तेज आवाज आ रही थी। नियमों का उल्लंघन बताते हुए पुलिस ने बाइक को सीज कर दिया। युवक ने खुद को भाकियू टिकैत युवा संगठन का कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि वह अपने रिश्तेदार की बाइक लेकर केवल पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने जा रहा था। इसी बात को लेकर पुलिस और युवक के बीच नोंकझोंक हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही भाकियू टिकैत युवा संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता थाने पहुंच गए। जिला महासचिव कुलदीप राठी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि पुलिस ने अनावश्यक रूप से बाइक सीज की और उनके कार्यकर्ता के साथ अभद्र व्यवहार किया। इस दौरान इब्ने हसन, हिमांशु, नवीन, इमरान सहित बड़ी संख्या में संगठन के लोग मौजूद रहे।
करीब एक घंटे तक चले हंगामे के बाद थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार मौके पर पहुंचे और कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया। थाना प्रभारी का कहना है कि वाहन चेकिंग अभियान नियमों के तहत चलाया जा रहा है और तेज आवाज निकालने वाली बाइकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
वहीं भाकियू टिकैत युवा संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि कार्यकर्ता के साथ हुई कथित अभद्रता को नजरअंदाज किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। संगठन का आरोप है कि पुलिस ने बिना वजह बाइक सीज कर कार्यकर्ता का अपमान किया है।




