Noida International Airport: नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बनेंगे दो नए थाने, शासन से मिली मंजूरी, सुरक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत

Noida International Airport: नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बनेंगे दो नए थाने, शासन से मिली मंजूरी, सुरक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत

नोएडा। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के संचालन से पहले सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास दो नए पुलिस थानों के निर्माण को शासन से मंजूरी मिल गई है। ये थाने इंटरनेशनल टर्मिनल पुलिस स्टेशन और डोमेस्टिक टर्मिनल पुलिस स्टेशन के नाम से स्थापित किए जाएंगे। मंजूरी मिलने के बाद कमिश्नरेट पुलिस ने इसकी तैयारियां तेज कर दी हैं और जल्द ही दोनों थानों में एसएचओ से लेकर पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।

नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और उड़ान संचालन शुरू करने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने बताया कि शासन से दोनों थानों की औपचारिक स्वीकृति मिल चुकी है। डोमेस्टिक टर्मिनल पुलिस स्टेशन के लिए 35 पुलिसकर्मियों की स्वीकृति पहले ही दी जा चुकी है, जबकि इंटरनेशनल टर्मिनल थाने के लिए भी तैनाती की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी।

डोमेस्टिक टर्मिनल पुलिस स्टेशन में एक निरीक्षक, दो उपनिरीक्षक, नौ मुख्य आरक्षी, तीन कंप्यूटर ऑपरेटर, पंद्रह आरक्षी, दो आरक्षी चालक और तीन चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की नियुक्ति की स्वीकृति मिली है। यह थाना एयरपोर्ट परिसर के भीतर स्थापित किया जाएगा, जिससे यात्रियों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण और सुरक्षा से जुड़े मामलों में तुरंत कार्रवाई संभव हो सकेगी।

इसके साथ ही नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के आसपास चार अस्थायी पुलिस चौकियों का भी सृजन किया गया है। इनमें कोतवाली जेवर क्षेत्र में जेवर इंटरचेंज, थाना रबूपुरा क्षेत्र में करौरल अंडरपास, थाना दनकौर क्षेत्र में अच्छेजा कट और थाना दादरी क्षेत्र में बील कट शामिल हैं। इन सभी अस्थायी चौकियों पर कुल 49 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा चुकी है, ताकि एयरपोर्ट क्षेत्र में बढ़ती गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा सके।

एयरपोर्ट की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए डीसीपी एयरपोर्ट पद के सृजन का प्रस्ताव भी शासन को भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जल्द ही इस प्रस्ताव को भी मंजूरी मिलने की संभावना है। इसके बाद एयरपोर्ट सुरक्षा के लिए एक अलग डीसीपी की तैनाती की जाएगी। वर्तमान में नोएडा कमिश्नरेट तीन जोन में विभाजित है, जहां डीसीपी तैनात हैं, लेकिन एयरपोर्ट के संचालन के बाद विशेष पुलिस व्यवस्था की आवश्यकता को देखते हुए अलग पद सृजित किया जा रहा है।

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षा को लेकर अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार व्यापक और गहन तैयारी की जा रही है। नए थानों के निर्माण से लेकर पुलिस बल की तैनाती तक सभी व्यवस्थाएं अंतिम चरण में हैं, ताकि एयरपोर्ट के शुरू होते ही यात्रियों को सुरक्षित और सुव्यवस्थित माहौल मिल सके।

भारत और पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2024 में दो बार आमने-सामने हो सकते हैं। जानिए कैसे

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img