उत्तर प्रदेश : सीएम डैशबोर्ड की दिसंबर माह की रैंकिंग में बरेली और लखीमपुर खीरी ने मारी बाजी

Lucknow News : मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की दिसंबर माह की रैंकिंग जारी की गयी है। इसमें डेवलपमेंट और रेवन्यू में बरेली ने प्रथम, लखीमपुर खीरी और शाहजहांपुर ने बराबर अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान प्राप्त किया है जबकि चौथा स्थान सोनभद्र ने प्राप्त किया है। बता दें कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की रैंकिंग प्रदेश भर के जिलों में होने वाले आधारभूत विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकारी परियोजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर जारी की जाती है।

बरेली ने 10 अंकों में से 9.27 अंक प्राप्त कर पहला स्थान प्राप्त किया

जिलाधिकारी बरेली ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जिले में प्राथमिकता के आधार पर आधारभूत सुविधाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकारी परियोजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है। इन योजनाओं को अमलीजामा पहनाने के लिए जिले के अधिकारियों के साथ बैठक के साथ मॉनीटरिंग की जाती है। यही वजह है कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की दिसंबर माह की रैंकिंग में बरेली ने पूरे प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने बताया कि जिले ने डेवलपमेंट और रेवन्यू के मामले में 10 अंकों में से 9.27 अंक प्राप्त कर पहला स्थान प्राप्त किया है।

लखीमपुर खीरी ने 9.26 अंक हासिल कर पूरे प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया

लखीमपुर खीरी की जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जिले में सरकार की योजनाओं को गुणवत्तापूर्ण तरीके से समयबद्ध पूरा किया जा रहा है। यह उसी का परिणाम है कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की दिसंबर माह की रैंकिंग में पूरे प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। जिले ने डेवलपमेंट और रेवन्यू के मामले में 10 अंकों में से 9.26 अंक प्राप्त कर किये हैं। उन्होंने बताया कि सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग के आंकड़ों के अनुसार जिले ने आधारभूत विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकारी परियोजनाओं के क्रियान्वयन में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया जबकि राजस्व विभाग ने भी बेहतर प्रदर्शन कर प्रदेश भर में दूसरा स्थान प्राप्त कर मिसाल कायम की है। वहीं लखनऊ मंडल में आईजीआरएस रैंकिंग में लगातार चार माह से लखीमपुर खीरी पहले स्थान पर है। आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का समयबद्ध और संतोषजनक निस्तारण, जनसुनवाई और ऑनलाइन फीडबैक की कड़ी निगरानी ने लखीमपुरी खीरी को लखनऊ मंडल में अव्वल बना दिया है।

सोनभद्र ने चौथा और श्रावस्ती ने पांचवां स्थान प्राप्त किया

शाहजहांपुर के जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में प्राथमिकता के आधार पर योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है। इसी का नतीजा है कि शाहजहांपुर मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की दिसंबर माह की रैंकिंग में प्रदेश भर में दूसरे स्थान पर है। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की दिसंबर माह की रैंकिंग में 10 नंबर में से 9.26 नंबर हासिल कर प्रदेश भर में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने बताया कि दिसंबर माह की रैंकिंग में लखीमपुर खीरी और शाहजहांपुर ने बराबर अंक प्राप्त किया है। ऐसे में दोनों जिले प्रदेश भर में दूसरे पायदान पर हैं। इसी तरह सोनभद्र ने 10 अंक में से 9.19 अंक हासिल कर चौथा और श्रावस्ती ने 10 अंक में से 9.13 अंक हासिल कर पांचवा स्थान प्राप्त किया है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img