उत्तर प्रदेशराज्य

UP Budget 2026: नोएडा के कारोबारियों ने बताया प्रभावी बजट, एमएसएमई और कनेक्टिविटी से व्यापार को मिलेगा नया आयाम

UP Budget 2026: नोएडा के कारोबारियों ने बताया प्रभावी बजट, एमएसएमई और कनेक्टिविटी से व्यापार को मिलेगा नया आयाम

नोएडा। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट को लेकर नोएडा के कारोबारी और व्यापारिक वर्ग में सकारात्मक माहौल देखने को मिला है। उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधियों और व्यापार संगठनों ने इसे विकासोन्मुखी और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने वाला बजट बताया है। उनका मानना है कि इस बजट से न केवल एमएसएमई सेक्टर को मजबूती मिलेगी, बल्कि बेहतर कनेक्टिविटी और औद्योगिक ढांचे के विस्तार से नोएडा देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में और अधिक सशक्त होकर उभरेगा।

नोएडा एन्ट्रेप्रिनियोर्स एसोसिएशन (एनईए) से जुड़े कारोबारियों ने प्रदेश सरकार के बजट पर विस्तृत चर्चा की। एनईए अध्यक्ष विपिन कुमार मल्हन ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बजट में औद्योगिक कॉरिडोर, लॉजिस्टिक्स हब, एक्सप्रेस-वे और एयरपोर्ट के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया गया है। इससे उद्योगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी, माल परिवहन में सुगमता आएगी और उत्पादन लागत में कमी संभव होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का बड़े निवेश आकर्षित करने का लक्ष्य सराहनीय है, जिससे नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना को गति मिलेगी।

बजट में लाखों नए रोजगार सृजन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसे उद्योग जगत के लिए एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। विशेष रूप से एमएसएमई और वस्त्र उद्योग को बढ़ावा देने के लिए 5,000 करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किया गया है। इससे सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों को वित्तीय और संरचनात्मक मजबूती मिलेगी। कारोबारियों का कहना है कि एमएसएमई सेक्टर ही प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और इस क्षेत्र को मजबूती देने से स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

बजट में टेक्नोलॉजी और डेटा सेंटर क्लस्टर के विकास की घोषणा भी की गई है। राज्य में डेटा सेंटर क्लस्टर और तकनीकी अवसंरचना विकसित करने की योजना से आईटी और डिजिटल उद्योग को नई दिशा मिलेगी। नोएडा पहले से ही आईटी और डेटा सेंटर हब के रूप में उभर रहा है, ऐसे में इस घोषणा से क्षेत्र में निवेश और रोजगार दोनों में वृद्धि की उम्मीद जताई जा रही है।

उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, नोएडा के चेयरमैन नरेश कुच्छल ने बजट को लघु उद्योगों और व्यापार के विकास के लिए सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र के विस्तार और नए रोजगार के लिए कई योजनाएं प्रस्तावित की गई हैं। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम सेक्टर की योजनाओं के लिए 3822 करोड़ रुपये की व्यवस्था प्रस्तावित है, जिससे लगभग 3.11 करोड़ लोगों को रोजगार उपलब्ध होने की संभावना है। इसके अतिरिक्त एमएसएमई उद्योगों को प्रोत्साहन देने के लिए 575 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

‘एक जनपद एक व्यंजन’ जैसी नई योजना के लिए 75 करोड़ रुपये की व्यवस्था भी बजट में प्रस्तावित की गई है। व्यापारिक संगठनों का मानना है कि इससे स्थानीय उत्पादों को पहचान मिलेगी और नोएडा समेत अन्य जिलों के विशेष उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बाजार उपलब्ध होगा। वर्ष 2026-27 में वस्त्रोद्योग क्षेत्र में 30 हजार नए रोजगार सृजित करने का लक्ष्य भी रखा गया है। प्रदेश को गारमेंट हब बनाने के लिए पीएम मित्र पार्क योजना के अंतर्गत विश्वस्तरीय मेगा टेक्सटाइल पार्क की स्थापना की जाएगी, जिससे निर्यात और उत्पादन दोनों में वृद्धि होगी।

कुल मिलाकर नोएडा के कारोबारी वर्ग का मानना है कि यह बजट विकास, निवेश और रोजगार के नए अवसर लेकर आया है। यदि घोषित योजनाओं को समयबद्ध तरीके से लागू किया गया, तो नोएडा औद्योगिक और व्यापारिक गतिविधियों का और बड़ा केंद्र बनकर उभरेगा।

Related Articles

Back to top button