Traffic Challan: राष्ट्रीय लोक अदालत में एक मिनट में होगा चालान का निस्तारण, मोबाइल से जमा कर सकेंगे जुर्माना

Traffic Challan: राष्ट्रीय लोक अदालत में एक मिनट में होगा चालान का निस्तारण, मोबाइल से जमा कर सकेंगे जुर्माना

नोएडा। गौतमबुद्ध नगर के सूरजपुर स्थित न्यायालय परिसर में शनिवार को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में यातायात चालानों के निस्तारण के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। मोटर व्हीकल एक्ट से जुड़े मामलों में लोग मोबाइल के माध्यम से निर्धारित अर्थदंड जमा कर सकेंगे। ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी होने के बाद करीब एक मिनट में चालान का निस्तारण हो सकेगा। लोगों की सुविधा के लिए न्यायालय परिसर में पांच हेल्प डेस्क भी बनाई गई हैं।

राष्ट्रीय लोक अदालत में करीब 10 लाख लंबित और प्रारंभिक स्तर के मामलों के निस्तारण का लक्ष्य रखा गया है। इनमें यातायात चालानों से जुड़े मामलों के लिए अलग व्यवस्था की गई है, ताकि बड़ी संख्या में पहुंचने वाले लोगों को लंबी प्रक्रिया से न गुजरना पड़े और उनके मामलों का तेजी से समाधान हो सके।

जनपद न्यायाधीश अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक लंबित मामलों का सरल और त्वरित निस्तारण कराने का प्रयास किया जाएगा। जिन लोगों को मोटर व्हीकल एक्ट से जुड़े मामलों में नोटिस जारी किए गए हैं, वे न्यायालय परिसर में बनाई गई हेल्प डेस्क पर पहुंचकर अपने चालान से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

चालान की जानकारी मिलने के बाद संबंधित व्यक्ति के मोबाइल पर एक बारकोड भेजा जाएगा। इस बारकोड के माध्यम से वह अपने मोबाइल से ही निर्धारित अर्थदंड की राशि जमा कर सकेगा। भुगतान पूरा होने के बाद अलग से मैनुअल रसीद लेने की आवश्यकता नहीं होगी। पूरी प्रक्रिया डिजिटल होने के कारण चालान का निस्तारण करीब एक मिनट में किया जा सकेगा।

मोबाइल के माध्यम से भुगतान नहीं कर पाने वाले लोगों के लिए भी व्यवस्था रहेगी। ऐसे पक्षकार हेल्प डेस्क पर पहुंचकर निर्धारित शुल्क जमा कर अपने चालान का निस्तारण करा सकेंगे। पांच हेल्प डेस्क बनाए जाने से लोगों को चालान की जानकारी और भुगतान प्रक्रिया पूरी करने में सहायता मिलेगी।

जनपद न्यायाधीश ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों का निर्धारित पूरा जुर्माना वसूला जाएगा। लोक अदालत का उद्देश्य जुर्माने में मनमानी छूट देना नहीं, बल्कि लंबित मामलों को सरल, सुविधाजनक और कम समय में निस्तारित करना है।

राष्ट्रीय लोक अदालत में केवल यातायात चालान ही नहीं, बल्कि बड़ी संख्या में अन्य लंबित और प्रारंभिक स्तर के मामलों को भी निस्तारण के लिए रखा जाएगा। इस बार करीब 10 लाख मामलों के समाधान का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

पिछली राष्ट्रीय लोक अदालत में करीब 10.70 लाख मामलों का निस्तारण किया गया था। इस बार भी न्यायिक प्रशासन की ओर से बड़ी संख्या में मामलों को एक ही दिन में समाधान तक पहुंचाने की तैयारी की गई है।

लोग अपने चालान नंबर के आधार पर संबंधित मामले की जानकारी हासिल कर सकेंगे। चालान से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए हेल्पलाइन की व्यवस्था भी की गई है। लोग सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक संपर्क कर अपने चालान और उससे संबंधित प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

राष्ट्रीय लोक अदालत में डिजिटल भुगतान की यह व्यवस्था विशेष रूप से उन लोगों के लिए सुविधाजनक होगी, जिनके मोटर व्हीकल एक्ट से जुड़े चालान लंबित हैं। मोबाइल पर बारकोड मिलने के बाद अर्थदंड का भुगतान और चालान का निस्तारण ऑनलाइन होने से लोगों को प्रक्रिया पूरी करने में कम समय लगेगा।

Hot this week

Lucknow : यूपी में ‘रूल ऑफ माफिया’ मिटाकर स्थापित किया ‘रूल ऑफ लॉ’- मुख्यमंत्री

Lucknow : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर...

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img