Traffic Advisory: Bauma Conexpo India 2026 के लिए ग्रेटर नोएडा में डायवर्जन प्लान तैयार, रोजाना पहुंच सकते हैं 10 हजार लोग

Traffic Advisory: Bauma Conexpo India 2026 के लिए ग्रेटर नोएडा में डायवर्जन प्लान तैयार, रोजाना पहुंच सकते हैं 10 हजार लोग

नोएडा। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपोमार्ट में 15 से 18 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाले Bauma Conexpo India 2026 को लेकर गौतमबुद्ध नगर यातायात पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। चार दिवसीय आयोजन में प्रतिदिन करीब 10 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए एक्सपोमार्ट और आसपास के मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ने की आशंका है। पुलिस ने जरूरत पड़ने पर डायवर्जन लागू करने के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं।

यातायात पुलिस के अनुसार सामान्य परिस्थितियों में वाहनों का आवागमन पूर्व की तरह जारी रहेगा। हालांकि, कार्यक्रम के दौरान एक्सपोमार्ट गोलचक्कर पर वाहनों की संख्या अधिक बढ़ने और जाम जैसी स्थिति बनने पर गोलचक्कर को अस्थायी रूप से बंद किया जा सकता है। ऐसी स्थिति में निर्धारित डायवर्जन प्लान लागू कर वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से निकाला जाएगा।

गलगोटिया कट की तरफ से एक्सपोमार्ट गोलचक्कर होते हुए आईएफएस विला गोलचक्कर की ओर जाने वाले वाहन डायवर्जन लागू होने की स्थिति में एक्सपोमार्ट गोलचक्कर से सीधे नहीं जा सकेंगे। इन वाहनों को एक्सपोमार्ट गोलचक्कर से बड़ा गोलचक्कर की तरफ भेजा जाएगा। वहां से वाहन शारदा गोलचक्कर और एलजी गोलचक्कर होते हुए जगत फार्म के रास्ते अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे।

कार्यक्रम में आने वाले आगंतुकों के वाहनों के लिए भी अलग पार्किंग व्यवस्था की गई है। वाहन चालक अपने वाहन नासा यानी बड़ा गोलचक्कर पार्किंग में खड़े कर सकेंगे और वहां से कार्यक्रम में शामिल हो सकेंगे। यातायात पुलिस ने लोगों से निर्धारित पार्किंग का ही इस्तेमाल करने की अपील की है, ताकि एक्सपोमार्ट के आसपास अनावश्यक यातायात दबाव न बढ़े।

डायवर्जन के दौरान एंबुलेंस, चिकित्सा सेवा और फायर सर्विस जैसे आपातकालीन वाहनों की आवाजाही प्रभावित नहीं होने दी जाएगी। ऐसे वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित रास्ता उपलब्ध कराया जाएगा।

यातायात पुलिस ने 15 से 18 सितंबर के बीच इंडिया एक्सपोमार्ट और आसपास के क्षेत्रों से गुजरने वाले वाहन चालकों से अतिरिक्त समय लेकर यात्रा शुरू करने और आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है। विशेष रूप से एक्सपोमार्ट गोलचक्कर के आसपास कार्यक्रम के शुरू और समाप्त होने के समय यातायात का दबाव बढ़ सकता है।

यात्रा के दौरान यातायात संबंधी किसी समस्या या सहायता के लिए गौतमबुद्ध नगर ट्रैफिक पुलिस की हेल्पलाइन 9971009001 पर संपर्क किया जा सकता है। पुलिस ने वाहन चालकों से मौके पर तैनात यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करने की भी अपील की है।

Hot this week

Lucknow : यूपी में ‘रूल ऑफ माफिया’ मिटाकर स्थापित किया ‘रूल ऑफ लॉ’- मुख्यमंत्री

Lucknow : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर...

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img